लाडवा – उच्च शिक्षा विभाग, हरियाणा द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आॅनलाइन एडमिशन पोर्टल शुरू किए जाने के बाद इंदिरा गांधी नेशनल काॅलेज में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। महाविद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, काॅलेज विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं तथा डिजिटल शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
महाविद्यालय प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए काॅलेज के कंप्यूटर लैब में विशेष आई.टी. कंप्यूटर सेल स्थापित किया गया है, जहां पंजीकरण तथा तकनीकी सहायता संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त काॅलेज परिसर में एक हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
महाविद्यालय कार्यवाहक प्राचार्य डाॅ. अशोक वर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी नेशनल काॅलेज क्षेत्र के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में से एक है तथा काॅलेज का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारपरक एवं मूल्य आधारित शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से समय रहते आॅनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने का आग्रह करते हुए कहा कि काॅलेज में पारदर्शी एवं मेरिट आधारित प्रवेश प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
काॅलेज प्रबंधन समिति प्रधान पवन गर्ग ने कहा कि राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद् द्वारा ‘ए’ ग्रेड प्राप्त यह संस्थान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि काॅलेज में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, विभिन्न विषयों की प्रयोगशालाएं तथा सह-पाठयक्रम गतिविधियों की उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्रबंधन विद्यार्थियों को भविष्य उन्मुख शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
महाविद्यालय कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से संबद्ध है तथा यहां बी.ए., बी.काॅम., बी.एससी., बी.लिब. सहित विभिन्न स्नातक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय में एम.ए. (पाॅलिटिकल साइंस) पाठ्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है।
