पानीपत। प्रेम प्रसंग के चलते मुंडलाना रेलवे स्टेशन से अपहृत युवक कुशल का शव पांच दिन बाद शुक्रवार को गोहाना के राबड़ा गांव स्थित पानी की डिग्गी के पास से बरामद हुआ। जीआरपी ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाओं को शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि तीन युवकों को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है।

जीआरपी ने बताया कि चार मई को मुंडलाना स्टेशन से रोहतक के जसिया गांव निवासी कुशल का अपहरण किया गया था। कुशल पानीपत रिफाइनरी में कार्यरत था। जांच में सामने आया कि कुशल की एक युवती से दोस्ती थी, जिसके चलते युवती के स्वजन उससे रंजिश रखने लगे थे।
मृतक के भाई बसंत की शिकायत पर जीआरपी ने आरोपित अंकित, अमित और अंशु के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपितों ने बताया कि कुशल की हत्या कर शव को गोहाना के राबड़ा गांव के खेतों में पानी की डिग्गी के पास फेंक दिया था। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर स्वजन को सौंप दिया।
दो महिला आरोपितों को जेल भेज दिया गया है। वहीं तीनों युवकों से पूछताछ जारी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर स्वजन को सौंप दिया गया है। – धर्मपाल, थाना प्रभारी, जीआरपी पानीपत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *