करनाल, 8 मई (): सामाजिक संस्था सुख-दुख दे साथी सभा एवं विर्क हॉस्पिटल करनाल के संयुक्त तत्वाधान में दिनांक 10 मई रविवार को आर.के. पुरम गली नं. 2 स्थित शिव शक्ति मंदिर एवं धर्मशाला सोसायटी में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी संस्था के सदस्य मोहित चावला, संजय पोपली, मोहिंदर खनेजा, महिंद्रा अरोड़ा एवं प्रवीण मल्होत्रा ने देते हुए बताया कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शिविर में हड्डियों एवं जोड़ों से संबंधित रोगों के साथ-साथ हृदय रोग, शुगर तथा सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि शिविर में विर्क हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. बलबीर सिंह विर्क हड्डियों एवं जोड़ों से संबंधित मरीजों की जांच करेंगे, जबकि जनरल फिजीशियन डॉ. अमित भार्गव हृदय रोग, शुगर एवं अन्य सामान्य बीमारियों के मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे। शिविर में आने वाले मरीजों के लिए फ्री ईसीजी, फ्री एचबी1एसी, फ्री शुगर टेस्ट की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा आवश्यकता अनुसार निशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी। संस्था पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं।
