चंडीगढ़। हरियाणा के शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल ने राज्य के समस्त स्थानीय निकायों में भाजपा की प्रचंड जीत का दावा किया है। इस दावे को मजबूती प्रदान करने के लिए विपुल गोयल ने कई आधार गिनाए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य में भाजपा की सरकारें हैं।

फिलहाल तीन नगर निगमों पंचकूला, अंबाला और सोनीपत, रेवाड़ी नगर परिषद, धारूहेड़ा, उकलाना और सांपला नगरपालिकाओं में चुनाव हो रहे हैं। इनके अलावा जितने भी शहरी निकाय हैं, वहां सभी जगह भाजपा के मेयर, अध्यक्ष और पार्षद पहले से चुनाव जीते हुए हैं।

केंद्र व प्रदेश सरकार के सहयोग से उन सभी निकायों में विकास की अविरल धारा बह रही है। इसलिए जनता बाकी शहरी निकायों में भी विकास के लिए भाजपा उम्मीदवारों को वोट देगी।

विकास का खुलेगा रास्ता

शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल के पास वैसे तो पंचकूला नगर निगम के चुनाव का दायित्व है, लेकिन सोनीपत, अंबाला और रेवाड़ी समेत सातों शहरी निकायों के चुनाव प्रबंधन पर उनकी निगाह है।

बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पूरे देश की जनता समझ चुकी है कि भाजपा के सत्ता में आने का मतलब है विकास के रास्ते खुल जाना। शहरी निकाय चुनाव में भी लोग इसी सोच के तहत भाजपा उम्मीदवारों को वोट देने वाले हैं।

कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला के पंचकूला, सोनीपत व अंबाला में डुप्टीकेट वोट होने से जुड़े आरोप पर विपुल गोयल ने कहा कि कांग्रेस समस्त निकायों में चुनाव हार रही है।

यह बात कांग्रेस नेता और उम्मीदवार सभी अच्छी तरह से जानते हैं। चुनाव हारने के बाद कांग्रेस के नेताओं व उम्मीदवारों को जो आरोप लगाने थे अथवा अपनी हार के जो कारण गिनवाने थे, उन्हें चुनाव में मतदान से पहले ही वह बोलकर यह स्वीकार कर चुके हैं कि कांग्रेस हार रही है और भाजपा जीत रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रत्येक शहरी निकाय के लिए अलग-अलग संकल्प पत्र जारी किया है, जो कि अपने आप में उदाहरण है।

हरियाणा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को विस्तार से रखा

शहरी निकाय मंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश की जनता विकास, सुशासन, पारदर्शिता और स्थिर नेतृत्व के प्रति अपना भरोसा जताएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी औरप उनकी पूरी टीम ने लोगों के सामने हरियाणा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को विस्तार से रखा है।

भाजपा सरकार ने प्रदेश में सड़कों, जल प्रबंधन, स्वच्छता, शहरी बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किए हैं। पार्टी का संकल्प है कि शहरों को स्वच्छ, आधुनिक, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाया जाएगा, ताकि प्रत्येक नागरिक को बेहतर जीवन गुणवत्ता प्राप्त हो सके।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *