करनाल, 6 मई। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रचार अभियान के तहत आज विभागीय ड्रामा पार्टी ने गांव भूटान खेड़ी में कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस दौरान कलाकारों ने जनगणना व सर्वाइकल कैंसर जैसे विषयों पर गीतों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया।

विभागीय कलाकारों ने अपने गीतों के जरिए न केवल मनोरंजन किया, बल्कि गंभीर विषयों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी सांझा की। कलाकारों द्वारा कार्यक्रम में जनगणना में सहभागिता करने व प्रणगकों को सही जानकारी देने के लिए जागरूक किया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य के प्रति सचेत करते हुए कलाकारों ने महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के बचाव और टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में लाडो लक्ष्मी योजना, ड्रोन दीदी योजना व लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलंबी बनाने की दिशा में सरकार के प्रयासों को गीतों के माध्यम से सराहा गया।  कलाकारों ने पारदर्शी शासन और आगामी जनगणना की प्रक्रिया में सहयोग करने का संदेश भी दिया।
डीआईपीआरओ सत्यवान महिवाल ने बताया कि विभाग के कलाकारों द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का लक्ष्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। विभाग की इस पहल से न केवल जागरूकता बढ़ रही है, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास का संचार भी हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *