पानीपत। विधानसभा (विस) का चुनाव लड़ चुके हरियाणा यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सचिन कुंडू को धमकी भरी काल आई है। गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। न देने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी है।

बदमाशों ने तीन मई को काल की थी, जब वे एक कार्यक्रम में गए हुए थे। उसके बाद उनके पास वायस मैसेज आए। मैसेज भेजने वाले ने खुद को महेंद्र डेलाणा बताया है। महेंद्र डेलाणा मूलरूप से राजस्थान का है और लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय है।

सेक्टर 13-17 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से सचिन कुंडू को सुरक्षाकर्मी दिए हैं। वहीं, घर पर भी सुरक्षा बढ़ा दी है।

विदेशी नंबर से आई कॉल

पुलिस शिकायत में सेक्टर-18 के सचिन कुंडू ने बताया कि तीन मई को वह किसी निजी कार्यक्रम में गांव गढ़ सरनाई में थे। इसी दौरान शाम करीब 4:09 और 4:10 बजे उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर से वाट्सएप काल आई।

उन्होंने उस समय काल रिसीव नहीं की। काल न उठाने के कुछ ही मिनटों बाद उसी विदेशी नंबर से शाम 4:12 और 4:13 पर दो वाइस मैसेज आए। पहला मैसेज 59 सेकंड का और दूसरा 34 सेकंड का था। जब सचिन ने इन रिकार्डिंग्स को सुना तो उनके होश उड़ गए।

व्यवसायी से भी मांगे पांच करोड़, गाड़ी के तोड़े शीशे

वहीं, कैंट के थाना पड़ाव क्षेत्र में रेलवे फाटक मोहड़ा के पास स्कार्पियो व बाइक पर आए बदमाशों ने फार्च्यूनर के शीशे तोड़ व्यवसायी से पांच करोड़ रुपये मांगे हैं। नहीं देने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी है। इस दौरान गाड़ी में व्यवसायी, उनकी पत्नी, बेटे की पत्नी शालिनी व पोती आस्था थी।

पुलिस ने करनाल के गांव माखूमाजरा निवासी रणधीर सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया है। रणधीर तीन मई को पत्नी सुदेश रानी के साथ अपने बेटे सुधीर के ससुराल अंबाला के गांव इस्माइलपुर गया था।

वापसी में रेलवे फाटक मोहड़ा के पास बदमाशों ने रास्ता रोक लिया। बाइक सवार दो युवकों ने हेलमेट पहना हुआ था। पीड़ित तीन वर्ष में करीब चार करोड़ रुपये दे चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *