पानीपत। जननायक जनता पार्टी (जजपा) के राष्ट्रीय महासचिव देवेंद्र कादियान की हैचरी के मैनेजर समेत दो युवकों की एसटीपी के कुएं में दम घुटने से मौत हो गई।
मृतकों की पहचान जींद के गांव गांगौली निवासी 26 वर्षीय अजय देशवाल और बिहार के बेगूसराय निवासी 22 वर्षीय अंकित के रूप में हुई। अजय हैचरी में मैनेजर था और अंकित अन्य काम संभालता था।
हैचरी के पास से गुजर रही एसटीपी प्लांट की सीवर लाइन में लंबे समय से ब्लॉकेज की समस्या बनी हुई थी, जिससे जल निकासी प्रभावित हो रही थी। सोमवार रात करीब दस बजे दोनों युवक समस्या की जांच के लिए मौके पर पहुंचे। पहले उन्होंने सीवर का ढक्कन खोलकर बाहर से स्थिति देखने की कोशिश की, लेकिन जब कुछ स्पष्ट नहीं हुआ तो दोनों अंदर उतर गए।
अंदर जाते ही कार्बन डाई आक्साइड गैस चढ़ने से दोनों का दम घुटने लगा और वे अचेत हो गए। काफी देर तक बाहर न आने पर आसपास के लोगों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी।
सेफ्टी किट के साथ टीम ने सीवर में उतरकर दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद देवेंद्र कादियान ने एचएसवीपी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। वहीं, स्वजन ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची। उनका कहना है कि यदि समय रहते इलाज मिलता तो दोनों युवकों की जान बचाई जा सकती थी।
