-भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम जी का जीवन साहस, त्याग, तपस्या और धर्म की रक्षा का प्रतीक
-हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह में की शिरकत
-उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने ब्राह्मण समाज को 11 लाख रुपए और भाजपा वरिष्ठ नेता जयभगवान शर्मा डीडी ने 5 लाख रुपए देने की करी घोषणा
बाबैन, 3 मई। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि हरियाणा प्रदेश की पहचान भी हमारी संस्कृति, परंपराओं और आपसी भाईचारे से है। आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सरकार का प्रयास है कि समाज के हर वर्ग तक विकास पहुंचे, चाहे वह गरीब हो, किसान हो, मजदूर हो या महिला-हर किसी को आगे बढने का समान अवसर मिले। उन्होंने कहा कि भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम जी का जीवन साहस, त्याग, तपस्या और धर्म की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने यह संदेश दिया कि जब समाज में अन्याय और अधर्म बढ़ जाए, तब चुप रहना उचित नहीं, बल्कि उसके खिलाफ खड़े होना ही सच्चा धर्म है। उनके जीवन की यह शिक्षा आज भी हमारे लिए उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी हजारों साल पहले थी।
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद उपाध्यक्षा सुमन सैनी रविवार को बाबैन में आयोजित भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रही थी। उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उपाध्यक्षा सुमन सैनी को ब्राह्मण समाज ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने ब्राह्मण समाज को 11 लाख रुपए और भाजपा वरिष्ठ नेता जयभगवान शर्मा डीडी ने 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके साथ ही आश्वासन देते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज की सभी मांगों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से पूरा करवाया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में ब्राह्मण समाज के उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा व युवतियों को पुरस्कार भी दिए।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि यह पावन अवसर हम सभी के लिए अत्यंत गौरव और आस्था का विषय है। यह दिन केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारे जीवन को नई दिशा देने वाला, हमें अपने कर्तव्यों और मूल्यों की याद दिलाने वाला विशेष दिन है। उन्होंने कहा कि आज के समय में हम देख रहे हैं कि समाज तेजी से बदल रहा है। आधुनिकता के इस दौर में हम कहीं न कहीं अपने संस्कारों और परंपराओं से दूर होते जा रहे हैं। ऐसे समय में भगवान परशुराम जी का जीवन हमें यह सिखाता है कि चाहे समय कितना भी बदल जाए, हमें अपने मूल्यों को कभी नहीं छोड़ना चाहिए। सच्चाई, ईमानदारी और न्याय, ये ऐसे सिद्धांत हैं जो हमेशा हमें सही रास्ते पर ले जाते हैं।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने युवाओं से कहा कि वे अपने इतिहास को जानें, अपने महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लें और अपने जीवन में अनुशासन और परिश्रम को अपनाएं। युवा शक्ति किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत होती है। अगर युवा सही दिशा में आगे बढ़ेगा, तो देश का भविष्य भी उज्जवल होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा की महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। चाहे वह शिक्षा हो, खेल हो, या समाज सेवा-महिलाएं अपनी एक अलग पहचान बना रही हैं, लेकिन इसके साथ-साथ हमारी जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है कि हम अपने परिवार और समाज को सही दिशा में आगे बढ़ाएं।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि माताओं और बहनों का समाज निर्माण में बहुत बड़ा योगदान होता है। हम अपने बच्चों को जो संस्कार देते हैं, वही उनके जीवन की नींव बनते हैं। इसलिए हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हम अपने बच्चों को अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्य और देशभक्ति की भावना सिखाएं। उन्होंने कहा कि आज का यह कार्यक्रम हमें एकता और भाईचारे का संदेश भी देता है। हम सब अलग-अलग पृष्ठभूमियों से आते हैं, लेकिन हमारी संस्कृति और हमारे मूल्य हमें एक सूत्र में बांधते हैं। हमें किसी भी प्रकार के भेदभाव से ऊपर उठकर एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए और मिल-जुलकर समाज को आगे बढ़ाना चाहिए।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि भगवान परशुराम जी ने हमें यह भी सिखाया कि शक्ति का उपयोग हमेशा अच्छे कार्यों के लिए होना चाहिए। आज के समय में हमें यह समझना होगा कि शिक्षा, ज्ञान और तकनीक हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं, और इनका उपयोग हमें समाज के विकास के लिए करना चाहिए। ऐसे आयोजन न केवल हमारी संस्कृति को जीवित रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपने इतिहास और परंपराओं से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि सभी को भगवान परशुराम जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। इससे हम सच्चाई और न्याय के मार्ग पर चलेंगे, अपने समाज में प्रेम, भाईचारा और एकता को बढ़ावा देंगे और एक मजबूत, समृद्ध और संस्कारित समाज के निर्माण में अपना योगदान देंगे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, सीएम मीडिया कॉर्डिनेटर तुषार सैनी, भाजपा वरिष्ठ नेता जयभगवान शर्मा डीडी, मार्केट कमेटी चेयरमैन डॉ. गणेश दत्त, चेयरमैन जसविंदर जस्सी, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र दबखेड़ा, मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री देवेंद्र शर्मा, सरपंच संजीव गोल्डी, कदम शर्मा, प्रधान सोम प्रकाश, डॉ. लोहित, आनंद जालखेड़ी, बबलू शर्मा, फकीर चंद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
