कुरुक्षेत्र, 30 अप्रैल। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में गुरुवार को तीन शिक्षकों एवं छह गैर-शिक्षक कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति अवसर पर प्रशासन की ओर से विदाई पार्टी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान के उत्थान में शिक्षकों एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षक व कर्मचारी शिक्षण संस्थान का मजबूत आधार होते हैं जो संस्थान के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
कुलगुरु प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों व गैर-शिक्षक कर्मचारियों से औपचारिक बातचीत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षकों व गैर-शिक्षक कर्मचारियों के हितों के लिए सदैव सकारात्मक दृष्टिकोण रखेगा तथा भविष्य में भी सेवानिवृत्त शिक्षक व कर्मचारियों के अनुभव विश्वविद्यालय के काम आएंगे। उन्होंने विश्वविद्यालय में बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए सभी के सुझाव लिए व उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय में दी अपनी सेवा संबंधी विचार व अनुभव साझा किए। सभी ने भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर विश्वविद्यालय के लिए हर समय तैयार रहने का आश्वासन दिया व इस विदाई पार्टी के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार प्रकट किया।
सेवानिवृत्त होने वालों में यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से सीनियर प्रोफेसर डॉ. रमेश चन्द्र व प्रो. निर्मला चौधरी, गणित विभाग से एसोसिएट प्रोफेसर सुमित्रा देवी, अकाउंट ब्रांच से सहायक कुलसचिव प्रेम सिंह, गोपनीय शाखा से सहायक कुलसचिव जीत सिंह, कुलसचिव कार्यालय से सहायक रवि कुमार, रणबीर सिंह भवन से माली राजा राम, सेनिटेशन विभाग से हेड स्वीपर राजेन्द्र कुमार व स्वीपर धमेन्द्र शामिल है।
इस अवसर पर प्रो. अनिल मित्तल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश, लोक सम्पर्क विभाग के उप-निदेशक डॉ. जिम्मी शर्मा, वित्त अधिकारी कंचन बाला, कुंटिया प्रधान राजवंत कौर, उप-कुलसचिव विनोद वर्मा व डॉ. जितेन्द्र जांगडा, अंशुल शर्मा सहित सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों के परिवार के लोग मौजूद थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *