हरियाणा के रेवाड़ी शहर में दो दिन पहले किडनैप हुई नाबालिग युवती का शव बुधवार की देर रात रेवाड़ी-रोहतक हाईवे पर रामगढ़ चौक के निकट पड़ा मिला। नाबालिग की गर्दन व पेट पर चाकू से कई वार के निशान मिले हैं। अंदेशा है कि लड़की की हत्या कर यहां शव लाकर फेंका। शव के पास ही एक चाकू भी मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवा दिया है।
रामगढ़ चौक पर शव पड़ा होने की मिली थी सूचना
दरअसल, बुधवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि रेवाड़ी-रोहतक हाईवे पर रामगढ़ चौक निकट एक लड़की का शव पड़ा हु़आ है। सूचना के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

लड़की गर्दन व पेट पर चाकू के वार के कई निशान मिले हैं। पास में एक चाकू पड़ा मिला। पुलिस ने जांच शुरू की तो शव की शिनाख्त हो गई। वह शहर के ही एक मोहल्ला की रहने वाली 15 वर्षीय नाबालिग है। सूचना के बाद लड़की के परिजनों ने भी उसकी शिनाख्त की।

ट्यूशन से घर लौटते वक्त लापता हुई थी
परिजनों के अनुसार, नाबालिग लड़की शहर के एक सरकारी स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा थी। वह रोजाना ट्यूशन पढ़ने के लिए मोहल्ला नई आबादी में जाती थी। मंगलवार को भी सुबह वह घर से स्कूल गई और फिर रोजाना की तरह छुट्‌टी होने के बाद सीधे ट्यूशन जाना था। लेकिन देर रात तक वापस घर नहीं लौटी थी। वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश भी की।

सीसीटीवी कैमरे में हुई थी कैद
एक जगह कानोड़ गेट के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में शाम के समय नाबालिग वापस घर लौटती हुई तो दिखाई दी, लेकिन घर नहीं पहुंची। परिजनों ने बुधवार की सुबह शहर थाना में शिकायत देकर अपहरण का मामला दर्ज कराया था। आशंका जताई जा रही है कि अपहरण करने के बाद नाबालिग की चाकू से वार कर हत्या कर दी और शव को हाईवे किनारे फेंक दिया। पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी शव की जांच के लिए बुलाया।

सिटी पुलिस कर रही जांच
नाबालिग लड़का का शव सदर थाना क्षेत्र में मिला है, लेकिन अपहरण का मामला शहर थाना में दर्ज होने के कारण जांच भी उसी थाना पुलिस द्वारा की जाएगी। सिटी SHO विद्या सागर ने बताया कि इस मामले में हत्या की धारा भी जोड़ी गई है। आज शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आरोपी के बारे में भी सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

मूलरूप से बठिंडा का रहने वाला है परिवार

दरअसल, वारदात का शिकार हुई नाबालिग लड़की का परिवार मूलरूप से पंजाब के शहर बठिंडा का रहने वाला है। फिलहाल कई सालों से वह रेवाड़ी शहर की एक कॉलोनी में रहते है। परिवार में नाबालिग के अलावा उसकी दो छोटी बहनें और एक भाई है। भाई शहर के ही विश्वकर्मा स्कूल में पढ़ता है। 31 जनवरी की सुबह नाबालिग लड़की अपने भाई के साथ ही स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *