भिवानी। गांव हालुवास में शनिवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक रेलवे कर्मचारी के घर में गैस सिलिंडर फट गया। इस विस्फोट से घर के अंदर रखी अलमारी और खिड़कियों के शीशे टूट गए।

गनीमत यह रही कि हादसे के समय पूरा परिवार कमरे के बाहर बैठकर खाना खा रहा था, जिससे किसी की जान को नुकसान नहीं पहुंचा। धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद घर में गैस की तेज बदबू फैल गई, जिससे कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।

धमाके की आवाज सुनकर सहमा परिवार

गांव हालुवास निवासी कृष्ण सिंह ने बताया कि वह मानेहरू रेलवे स्टेशन पर कार्यरत हैं। वे शनिवार रात ड्यूटी से लौटे थे। घर में पांच किलो का छोटा गैस सिलिंडर भरा हुआ रखा था। जैसे ही परिवार खाना खाने बैठा, अचानक जोरदार धमाका हुआ।
पहले तो लगा कि किसी पड़ोसी के घर कुछ हुआ है, लेकिन जब उन्होंने अपने घर का कमरा खोला तो देखा कि अंदर रखा सिलिंडर फट चुका था। कमरे के अंदर का सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और खिड़कियों के शीशे भी टूट चुके थे।

अलग कमरे में रखा सिलेंडर बना सुरक्षा की वजह

रेलवे कर्मचारी की मां कृष्णा देवी ने बताया कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि कुछ पल के लिए सभी घबरा गए। उन्होंने कहा कि अगर उस समय वे उसी कमरे में होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

सिलिंडर जिस कमरे में रखा था, वह अलग था, जिससे परिवार सुरक्षित बच गया। विस्फोट के बाद ऐसा लगा जैसे छत भी हिल गई हो। घटना के बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस हादसे ने पूरे गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया और लोग गैस सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए।

सुरक्षा के लिए बरतें सावधानी, हादसों से बचा जा सकता

जानकारी के अनुसार गैस सिलिंडर हमेशा हवादार स्थान पर रखें और समय-समय पर पाइप व रेगुलेटर की जांच करवाएं। सिलिंडर को कभी भी बंद कमरे में न रखें और गैस की गंध आने पर तुरंत खिड़कियां खोल दें।

किसी भी स्थिति में इलेक्ट्रिक स्विच आन या आफ न करें। साथ ही अधिकृत एजेंसी से ही सिलिंडर भरवाएं और एक्सपायरी डेट जरूर जांचें। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है, जबकि सतर्कता से ऐसे जोखिमों को टाला जा सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार ये हो सकते हैं सिलिंडर फटने के कारण

विशेषज्ञों के अनुसार गैस सिलिंडर फटने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। इनमें सबसे प्रमुख कारण गैस का रिसाव, रेगुलेटर या पाइप में खराबी, सिलेंडर का अधिक गर्म होना या लंबे समय तक बंद कमरे में गैस का जमा होना शामिल है।

यदि सिलिंडर से गैस धीरे-धीरे लीक होती रहती है और कमरे में जमा हो जाती है, तो किसी चिंगारी या स्विच आन करने से विस्फोट हो सकता है। इसके अलावा एक्सपायर्ड या खराब सिलिंडर का उपयोग भी खतरनाक साबित हो सकता है। इसलिए नियमित जांच और सावधानी बेहद जरूरी है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *