करनाल, 23 अप्रैल। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने वीरवार को क्षेत्र की विभिन्न गौशालाओं का दौरा किया। दौरे के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने वहां गौ माताओं के रख-रखाव, सुविधाओं और चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उनके इस दौरे का मकसद गौ सेवा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाना तथा संबंधित गौशाला समितियों का उत्साहवर्धन करना है। विधानसभा अध्यक्ष ने घरौंडा की गौशाला को 2794500 रुपये, कालरौं की गौशाला को 189980 रुपये, मधुबन गौशाला को 295320 रुपये तथा गगसीना गौशाला को 71160 रुपये की अनुदान राशि के चेक वितरित किए।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने पक्का पुल धाम मधुबन गौशाला, गौशाला कालरौं, घरौंडा तथा गगसीना गौशाला का निरीक्षण किया। इस मौके पर स्थानीय प्रबंधन समितियों और नागरिकों द्वारा उनका फूल-मालाओं एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष ने स्वयं गौमाताओं को चारा खिलाकर सेवा की और गौसेवा के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि गौशालाएं न केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक हैं, बल्कि समाज में सेवा, संरक्षण और करुणा की भावना को भी सशक्त करती हैं। उन्होंने गौशालाओं के बेहतर संचालन, स्वच्छता, पोषण और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे गौसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और समाज के कमजोर व असहाय पशुओं के संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करें। उन्होंने गौशाला प्रबंधन समितियों के प्रयासों की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस मौके पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कहा कि तकनीक और डिजिटल माध्यम ही भ्रष्टाचार मिटाने का सबसे सही रास्ता है। उन्होंने कहा कि विकास के काम तभी तेजी से आगे बढ़ते हैं जब पूरे गांव का सहयोग मिलता है। समाज के भले के लिए सबको एक सोच के साथ चलना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार में नौकरियां बिना किसी सिफारिश या पैसे के दी जा रही हैं। गरीब और साधारण परिवारों के पढ़े-लिखे बच्चे अपनी मेहनत से नौकरी लग रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार धीरे-धीरे मकानों के लिए बजट निकाल रही है और नंबर आने पर लोगों को इसका लाभ मिल रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आपसी मनमुटाव खत्म कर मिलजुलकर काम करें।
