तकनीकी विषयों पर विद्यार्थियों को मिलेगा निशुल्क प्रशिक्षण
कुरुक्षेत्र, 8 अप्रैल। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा की अध्यक्षता में टीएआई इनफोटेक प्राइवेट लिमिटेड, गुरुग्राम तथा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत टीएआई इनफोटेक प्राइवेट लिमिटेड विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को विभिन्न तकनीकी विषयों पर निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान करेगी।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में विद्यार्थियों के लिए केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि तकनीकी दक्षता और व्यावहारिक कौशल भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच इस प्रकार के सहयोग से विद्यार्थियों को नवीन तकनीकों से परिचित होने और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पहल विद्यार्थियों के कौशल विकास और करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
टीएआई इनफोटेक प्राइवेट लिमिटेड के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट ‘ज्ञान सारथी’ के माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञान-वर्धन और तकनीकी कौशल को बढ़ावा देने का उद्देश्य रखा गया है। इस परियोजना के तहत विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए परिसर में ही ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को माइक्रोसॉफ्ट की ओर से कोर्स सर्टिफिकेट भी प्रदान किए जाएंगे।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर से यह एमओयू कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर ट्रेनिंग, इंटर्नशिप एंड एम्प्लायमेंट  द्वारा किया गया है। इस समझौते के अंतर्गत होने वाली सभी गतिविधियों का समन्वय भी केयूसीटीआईई द्वारा ही किया जाएगा।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एआर चौधरी, प्रो. तेजेन्द्र शर्मा, प्रो. महाबीर नरवाल, प्रो. सुभाष चंद, डॉ. जसविन्द्र सिंह, प्रो. मोहिन्द्र चांद, लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश, डॉ. मोहिन्द्र सिंह मौजूद थे ।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *