हरियाणा के रेवाड़ी में दुल्हन शादी के 4 दिन बाद गायब हो गई। पति उसे कॉलेज में पेपर दिलाने के लिए खुद छोड़कर आया था, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं आई। शक होने पर घर की तलाशी ली तो हीरे का सैट और 17 तोला सोना भी गायब मिला। पति ने मॉडल टाउन थाना पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया है।

दरअसल, रेवाड़ी शहर के शक्ति नगर निवासी अजय कुमार की शादी 4 दिन पहले 26 जनवरी को धारूहेड़ा की रामनगर कॉलोनी निवासी दिव्या नाम की लड़की के साथ हिंदू रीति रिवाज के साथ हुई थी। बकायदा दुल्हन लेने अजय धारूहेड़ा में दिव्या के घर बारात लेकर भी गया। तीन दिन दिव्या ससुराल में ही रही।

कॉलेज में पेपर के लिए छोड़कर आया
अजय ने बताया कि 30 जनवरी को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह अपनी पत्नी दिव्या को शहर के सेक्टर-18 स्थित महिला महाविद्यालय में खुद छोड़कर आया था। दिव्या ने बताया था कि उसका कॉलेज में पेपर है। लेकिन शाम तक दिव्या घर नहीं पहुंची तो वह उसे ढूंढते हुए कॉलेज पहुंचा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। उसके मोबाइल पर कॉल की तो फोन स्विच ऑफ मिला।

हीरे का सैट और 17 तोला सोना नहीं मिला
अजय कुमार ने बताया कि रात तक दिव्या का पता नहीं चलने पर उसे व परिवार को उस पर शक हुआ और परिवार के लोगों ने घर को चेक किया। अजय का आरोप है कि घर की अलमारी में रखा हीरे का सैट और 17 तोला सोना के आभूषण घर में नहीं मिले। अजय ने इसकी शिकायत मॉडल टाउन थाना में दी। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *