कृषि मंत्री ने किसानों व आढ़तियों की सुनी समस्या, कहा मंडियों में कोई दिक्कत आए तुरंत दे सूचना, होगी कार्रवाई।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने इंद्री, कुंजपुरा, करनाल, घरौंडा, असंध, जुंडला, निसिंग, निगदू, नीलोखेड़ी व तरावड़ी अनाज मंडियों का किया निरीक्षण, प्रबंधों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
करनाल, 5 अप्रैल। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन व डेयरी और मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने अपने प्रस्तावित दौरा कार्यक्रम के अनुसार रविवार को करनाल जिला में इंद्री, कुंजपुरा, करनाल, घरौंडा, असंध, जुंडला, निसिंग, निगदू, नीलोखेड़ी व तरावड़ी अनाज मंडियों का निरीक्षण किया और प्रबंधों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गेट पास को लेकर भी पर्याप्त मात्रा में स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और रिकॉर्ड रजिस्टर को भी अपडेट रखे। फसल की अदायगी निर्धारित समय अवधि 48 घंटे के दौरान किसानों के खातें में भेजी जाए। कृषि मंत्री ने किसानों व आढ़तियों की समस्या सुनी और कहा कि मंडियों में किसी प्रकार की कोई दिक्कत आए तो इसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर 0184-2267271 व 0184-2980735 पर दें, संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। सभी मंडियों में पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध करवा दिया गया है। प्रदेश की किसी भी मंडी में बारदाने व उठान की समस्या नहीं आने दी जाएगी।
मीडिया के सवाल के जवाब में कृषि मंत्री ने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए कि रबी सीजन को लेकर मंडियों में खरीद एजेंसी सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार गेहूं खरीद का कार्य सुचारू रूप से जारी रखें। खरीद में भी किसी प्रकार की लापरवाही ना बरती जाए और किसानों को कोई दिक्कत न आने दी जाए तथा मंडियों से गेहूं उठान के लिए ट्रांसपोटेशन व बारदाना पर्याप्त में मात्रा में उपलब्ध रखें। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए मंडियों में स्वच्छ पेयजल, सुलभ शौचालय, बिजली, कैंटीन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार किसान हितेषी है। किसान, मजदूर, आढ़तियों, व्यापारियों के हितों का पूरा ध्यान रख रही है। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि वे विपक्ष के लोगों के बहकावें में न आए बल्कि सरकार के निर्धारित नियमों की पालना करते हुए मंडियों में अपनी फसल को लेकर आए ताकि उन्हें फसल बेचनें में परेशानी न आए। निरीक्षण के दौरान मंत्री जी ने पिछले धान सीजन में ट्रांसपोटरों की रूकी हुई पेमेंट के लिए उच्च अधिकारियों से मोबाइल पर बात की और उनकी पेमेंट दिलवाने का आश्वासन दिया।
बॉक्स: रबी खरीद सीजन 2026 के दौरान किसानों को सुविधा प्रदान करने, समय की बचत करने तथा खरीद प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निम्नलिखित व्यवस्थाएं लागू की गई हैं
फसल मंडी में लाने की व्यवस्था
किसान अपनी फसल को ट्रैक्टर-ट्रॉली के अतिरिक्त अन्य पारंपरिक साधनों जैसे बैलगाड़ी आदि के माध्यम से भी मंडी में ला सकते हैं। यदि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नंबर प्लेट उपलब्ध नहीं है. तो किसान ट्रैक्टर पर पेंट द्वारा ट्रैक्टर का नंबर लिखकर अथवा कागज़ पेपर स्टीकर पर पंजीकरण संख्या अंकित कर मंडी में फसल ला सकता है।
गेट पास काटने की सुविधा
किसानों को गेट पास काटने के लिए प्रतीक्षा न करनी पड़े, इसके लिए हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से कच्चे कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इस व्यवस्था के अंतर्गत किसान 24 घंटे अपनी फसल विक्रय हेतु मंडी में ला सकते हैं।
मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण
मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण किसान स्वयं, भूमि का मालिक अथवा वह व्यक्ति जो भूमि को पट्टे पर लेकर खेती कर रहा हो-तीनों में से कोई भी कर सकता है। किसान/भूमि मालिक पट्टेदार किसान अपने नामित व्यक्तियों को भी पोर्टल पर पंजीकृत कर सकता है।
बायोमेट्रिक सत्यापन व्यवस्था
किसान स्वयं अथवा उसके द्वारा नामित अधिकतम तीन व्यक्ति ही रबी फसल विक्रय हेतु मंडी में ला सकेंगे। किसान अथवा नामित व्यक्तियों का सत्यापन फिगर स्केनिंग बायोमेट्रिक उपकरण के माध्यम से किया जाएगा। यदि फिगर स्कैनिंग से सत्यापन संभव नहीं हो पाता है, तो आंख स्कैनिंग बायोमेट्रिक उपकरण द्वारा भी सत्यापन किया जा सकेगा। यह बायोमेट्रिक प्रक्रिया मंडी गेट पर नहीं बल्कि डेहरी की खरीद के समय की जाएगी।
ओटीपी के माध्यम से सत्यापन
बायोमेट्रिक सत्यापन में तकनीकी कारणों से व्यवधान उत्पन्न होने की स्थिति में किसान अथवा उसके नामित व्यक्तियों का सत्यापन ओटीपी से किया जाएगा। ओटीपी सत्यापन की अनुमति देने का निर्णय जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक के अंतर्गत गठित समिति द्वारा लिया जाएगा।
आउट गेट पास एवं उठान प्रक्रिया
खरीद एजेंसी का इंस्पेक्टर आउट गेट पास जारी करेगा। जारी आउट गेट पास उठान करने वाले ट्रांसपोर्टर के लॉगिन में दिखाई देगा। ट्रांसपोर्टर द्वारा स्वीकार किए जाने के उपरांत मंडी सचिव द्वारा आउट गेट पास को स्वीकृति प्रदान की जाएगी। इससे उठान प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकेगी। पूरी खरीद प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएगी, जिससे समय की बचत होगी और खरीद व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहेगी।
इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष प्रवीन लाठर, नीलोखेड़ी के एसडीएम अशोक कुमार, इंद्री के एसडीएम अनिल कुमार, डीएफएससी मुकेश कुमार, तहसीलदार भूषण कुमार, मार्किट कमेटी सेक्रेट्री अशोक कुमार, करनाल के चेयरमैन ईश्वर कश्यप, मार्किट कमेटी चेयरमैन नीलोखेड़ी शिव नाथ कपूर, वाईस चेयरमैन लेखराज व वाईस चेयरमैन मालखान सिंह, सीएम विंडो मेम्बर नवीन कपूर व प्रशासनिक अधिकारी सहित आढ़ती व किसान मौजूद रहे।
