शहर में आई.ई.सी. गतिविधियां जोरों पर, मोटीवेटर टीमें डोर टू डोर जाकर गीला व सूखा कचरा करवा रही अलग-अलग।
युवाओं से स्वच्छता सेतू एप का ज्यादा से ज्यादा प्रयोग करने की अपील की।
करनाल 2 अप्रैल, स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के मद्देनजर नगर निगम करनाल द्वारा शहर में साफ-सफाई एवं जागरूकता गतिविधियों को और अधिक तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार ने सेनिटेशन अधिकारियों के साथ पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र तथा कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज रोड का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पथ विक्रेताओं को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे अपने आस-पास नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखें और कचरा इधर-उधर न फैलाएं। प्रत्येक रेहड़ी के पास दो डस्टबिन होने अनिवार्य है और दोनो में गीला व सूखा कचरा अलग-अलग रखा जाए। निरीक्षण में उनके साथ मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा तथा सफाई निरीक्षक मनदीप सिंह व संदीप कुमार मौजूद रहे।
अतिरिक्त निगम आयुक्त ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर शहर में आई.ई.सी. (सूचना, शिक्षा एवं संचार) गतिविधियां जोर-शोर से चलाई जा रही हैं। मोटिवेटर टीमें डोर-टू-डोर जाकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही हैं तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आई.ई.सी. टीम कूड़ा एकत्र करने वाले टिप्पर के साथ भी चल रही हैं और नागरिकों से अलग-अलग कूड़ा ही टिप्पर में डलवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा साफ-सफाई एवं कूड़ा उठान व्यवस्था को लेकर नागरिकों से लगातार फीडबैक भी लिया जा रहा है, ताकि व्यवस्थाओं में और सुधार किया जा सके।
इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध को लेकर नगर निगम द्वारा सख्ती बरती जा रही है। थोक विक्रेताओ एवं दुकानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे स्वच्छता सेतु एप को अधिक से अधिक डाउनलोड कर उसका प्रयोग करें और शहर को स्वच्छ बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे नगर निगम के प्रयासों में सहयोग करें और अपने आस-पास स्वच्छता बनाए रखते हुए करनाल को स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाए रखने में योगदान दें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *