मोदी महिलाओं के कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध- राज्यपाल
करनाल, 30 मार्च। 
भारत विकास परिषद की कर्ण शाखा की ओर से आज यहां डा. मंगलसेन ऑडिटोरियम में नारी सम्मान समारोह आयोजित किया गया।  सम्मान समारोह में राज्यपाल असीम कुमार घोष ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 20 महिलाओं को सम्मानित किया।
समारोह के बाद पत्रकारों से बात करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उन्हें खुशी है कि आयोजकों ने ऐसी महिलाओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया जिन्होंने अपने परिवार के साथ-साथ समाज के विकास के लिए अहम योगदान दिया है। समाज का यह दायित्व है कि वह महिलाओं की आवश्यकताओं और आकांक्षाओं को पूरा करे। राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के कल्याण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। भारत विकास परिषद ने समाज हित में बहुत कुछ किया है। वे संगठन से अपेक्षा करते हैं कि कर्तव्यों का पालन करते हुए पड़ोसी जिलों की महिलाओं के कल्याण में भी योगदान दे।
इस मौके पर स्थानीय विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि भारत विकास परिषद समाज को कुछ देने की सोच को जन्म देती है। समाज ने हमें बहुत कुछ दिया है। कोई पार्षद, मेयर तो कोई विधायक व मंत्री अथवा मुख्यमंत्री बना। राजनीतिक तौर से हट कर देखें तो समाज में बड़े-बड़े औद्योगिक घराने और उद्योगपति भी हैं। अनेक लोग समाज सुधार के कार्य में भी जुटे हैं। हम समाज को क्या लौटा रहे हैं यह भारत विकास परिषद जैसी संस्थाओं से सीखना चाहिए।
इस मौके पर मेयर रेणु बाला गुप्ता ने समाज के विभिन्न वर्गों के लिए किए गए कार्यों के लिए भारत विकास परिषद की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भी चाहते हैं कि और अधिक महिलाएं आगे आएं। उन्होंने सम्मानित हुई महिलाओं को शुभकामनाएं व बधाई दी।
इन्हें किया सम्मानित  – राज्यपाल ने इस मौके पर अदिति शर्मा, नीलू सैनी, रिचा चावला, डा. सुजाता शर्मा, एष्णा कल्याण, अंजू चौधरी, ऋषिका कुकरेजा अरोड़ा, नीलम मदान, विभा चुघ, नेहा खंडूजा, रोनी रमन, तूलिका गर्ग, डा. आशिमा गक्खड़, संजोली बनर्जी, दीक्षा गोयल, डा. कीर्ति गुप्ता, शशि आर्या, डा. एकता अरोड़ा, अनीता सिंह और कविता।
समारोह की अध्यक्षता भारत विकास परिषद की क्षेत्रीय महिला सहभागिता प्रमुख ने की। इस मौके पर हरियाणा की प्रथम महिला श्रीमती मित्रा घोष, जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीण लाठर, हरियाणा वेलफेयर सोसायटी(वाक एवं श्रवण बाधित) की चेयरपर्सन मेघा भंडारी, एचएसएससी के सदस्य कपिल अत्रेजा, निदेशक ओपीएस विद्या मंदिर ईशा बंसल, अखिल भारतीय कश्यप राजपूत पंजाबी वेल्फेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप भारद्वाज ज्योति चौधरी, जिला परिषद के सीईओ अमित, बीडीपीओ सोमवीर खटकड़ आदि मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *