करनाल, 20  मार्च।   जिला खेल अधिकारी राजबीर सिंह रंगा ने बताया कि साई (भारतीय खेल प्राधिकरण) और फिट इंडिया की ओर से 21 से 23 मार्च तक फिट इंडिया कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय समावेशी फिटनेस उत्सव का आयोजन कर्ण स्टेडियम में होगा। भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए फिट इंडिया मूवमेंट का उद्देश्य लोगों को फिट और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्निवाल में फिटनेस, खेल और मनोरंजन से जुड़ी कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान वेलनेस एवं अवेयरनेस गतिविधियां जैसे बीएमआई चेक, हाइजीन, न्यूट्रिशन, डॉक्टर/नर्स परामर्श एवं एनजीओ सहभागिता भी शामिल रहेगी। इसके साथ ही फिटनेस एरीना में चेस्ट प्रेस, वेट लिफ्टिंग, पुश-अप्स, वन लेग स्टैंड, प्लैंक और जॉगिंग जैसी गतिविधियाँ कराई जाएंगी। डेमोंस्ट्रेशन जोन में योग, कबड्डी, मल्लखंब, सेल्फ डिफेंस तथा फर्स्ट एड का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा फन जोन में टग ऑफ वॉर, लूडो, स्नेक एंड लैडर, डांसिंग फ्लोर, सेल्फी एक्टिविटी, म्यूजिकल चेयर, चेस, लेमन रेस, सैक रेस, मटका रेस और ऑक्टोपस रेस जैसी मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 21 मार्च को सामुदायिक सम्मेलन व प्रात: 6 से 9 बजे तक भारोत्तोलन और सायं 4 से 9 बजे तक क्रिकेट और तलवारबाजी खेलों का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 22 मार्च को प्रात: 6 से 9 बजे तक कुश्ती, मुक्केबाजी और एथलेटिक्स खेल तथा सायं 4 से 9 बजे तक फुटबॉल और वुशु खेल आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 23 मार्च को समापन कार्यक्रम के दौरान प्रात: 6 से 9 बजे तक पुरुष वर्ग में बास्केटबॉल और हैंडबॉल तथा सायं 4 से 9 बजे तक महिला वर्ग में कबड्डी और वॉलीबॉल खेलों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्कूल और कॉलेज के छात्र, एथलीट, युवा, विभिन्न क्षेत्रों के कर्मचारी और सभी क्षेत्रों से जुड़ी महिलाएं भी इस रोमांचक कार्यक्रम में शामिल हो सकती है, जिसमें एक किड्स जोन भी होगा। प्रतिदिन लोकप्रिय संगीत बैंड की ओर से रोमांचक संगीत कार्यक्रम भी होंगे। उन्होंने अनुरोध किया कि नागरिक इस कार्यक्रम में बढ़-चढक़र भाग लें और फिट इंडिया अभियान को सफल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *