अंबाला। बराड़ा में एक किलो 976 ग्राम आरडीएक्स सहित गिरफ्तार किए गए तीन आरोपितों ने पुलिस पूछताछ में कई खुलासे किए हैं। हाल ही में पंजाब पुलिस ने भी पाक से हथियार और नशा तस्करी कर रहे छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपितों के तार अंबाला में आरडीएक्स प्रकरण से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।

अब अंबाला पुलिस पंजाब पुलिस से संपर्क साध रही है और जल्द ही पूछताछ के लिए एक टीम पंजाब की ओर रवाना हो सकती है। यदि पंजाब का इनपुट सही हुआ तो आरोपितों को पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट पर अंबाला लाया जाएगा। अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया कि छह में से कितने आरोपितों का लिंक अंबाला के आरडीएक्स प्रकरण से है।
इन आरोपितों में मक्खनदीप सिंह उर्फ मक्खन की कड़ी अंबाला से जुड़ रही है। पता चला है कि दिल्ली में आरोपितों ने पनाह ली थी, इसको लेकर भी पुलिस के पास कुछ जानकारियां मिली हैं। पाक के शहजाद भट्टी ने इसमें कोई इन्वेस्टमेंट किया है या खातों में रुपये आए या नहीं, इसको भी चेक किया जा रहा है।

अमृतसर पुलिस ने पाकिस्तान से आए नशे व हथियारों के साथ छह आरोपितों को दबोचा है। इनके कब्जे से पुलिस ने छह पिस्तौल, 60 कारतूस और तीन किलो 513 ग्राम हेरोइन बरामद की है। दो आरोपितों की पहचान करन सिंह और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के रूप में हुई। इनके पास से दो पिस्तौल, मैगजीन और 20 कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ में इन्होंने बताया कि पाकिस्तान में हथियार तस्करों से यह मंगवाए हैं। जांच में पुलिस ने मक्खनदीप उर्फ मक्खन को गिरफ्तार किया, जिसके पास से पिस्तौल, मैगजीन और कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने राकेश उर्फ केशु और चमकोर सिंह को भी पकड़ा।

तलाशी में पहले 200 ग्राम हेरोइन बरामद हुई और बाद में निशानदेही पर 800 ग्राम और हेरोइन बरामद कर कुल एक किलो हेरोइन बरामद की गई। हथियार व नशा तस्करी में आरोपित पकड़े हैं। अभी पूछताछ की जा रही है कि इनके लिंक किन-किन जिलों में हैं। पहले भी मामले दर्ज हैं जबकि आगे जांच की जा रही है।
अंबाला के  एसपी अजीत सिंह शेखावत ने कहा कि पंजाब पुलिस ने कुछ आरोपितों को पकड़ा है। अंबाला में आरडीएक्स प्रकरण में इनके तार जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पूछताछ के लिए टीम जाएगी और यदि लिंक पाया जाता है तो प्रोडक्शन वारंट पर अंबाला लेकर आएंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *