देश में 55 करोड़ को आयुष्मान कार्ड, राज्य के छह हजार गांव में चौबीस घंटे बिजली
निगदू/नीलोखेड़ी/करनाल, 14 मार्च। समाज के अंतिम व्यक्ति की चिंता और उसके कल्याण के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार प्रभावी रूप से कार्य कर रही है। दोनों सरकारों की उपलब्धियां धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देती हैं। आंकड़े और दस्तावेज इसकी पुष्टि करते हैं तथा सरकार के प्रति जनता का बढ़ता विश्वास इन योजनाओं की सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है। यह बात हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने निगदू मंडल के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करने पहुंचे थे।
डॉ. चौहान ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने पिछले वर्षों में जनकल्याण के अनेक बड़े कार्य किए हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत देशभर में 4 करोड़ से अधिक पक्के मकानों का निर्माण किया जा चुका है, जिससे गरीब परिवारों को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत देश में 15.79 करोड़ से अधिक परिवारों के घरों तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा चुका है। इसके साथ ही हर घर बिजली के लक्ष्य को भी पूरा किया गया है और अब गांवों में भी 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
डॉ. चौहान ने बताया कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए गैस कनेक्शन दिए गए हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य और जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 55 करोड़ से अधिक लोगों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रति वर्ष 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है और अब तक 3.7 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों के खातों में सीधे ट्रांसफर की जा चुकी है।
डॉ. चौहान ने कहा कि आज डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) प्रणाली के माध्यम से सरकार की योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है। अब तक 44 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से वितरित की जा चुकी है, जिससे लगभग 3.48 लाख करोड़ रुपये की बचत हुई है और भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगी है।
डॉ. चौहान ने यह भी कहा कि प्रदेश में अब बिना खर्ची, बिना पर्ची के आधार पर युवाओं को योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, जिससे युवाओं का सरकार पर विश्वास मजबूत हुआ है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष, राजपाल, महामंत्री मल्खान सिंह, मंडल प्रभारी संतोष पाल, महामंत्री शैलेंद्र सेतिया, पूर्व चेयरमैन जेपी सांवत, फूल सिंह, ग्रीवियंस कमेटी सदस्य द बलबीर सीएम विंडो सदस्य, रीना रानी, सुनीता तेहरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे और प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
