करनाल, 12 मार्च।  इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू ) के क्षेत्रीय निदेशक डॉ धर्मपाल ने  बताया की ओडीएल एवं ऑनलाइन कार्यक्रमों के लिए जून 2026 टर्म-एंड परीक्षा के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय की ये परीक्षाएं 1 जून 2026 से पेन-एंड-पेपर तथा सीबीटी (कंप्यूटर आधारित) मोड में आयोजित की जाएंगी। परीक्षा फॉर्म, प्रोजेक्ट सबमिशन और प्रैक्टिकल परीक्षा से संबंधित ऑनलाइन लिंक पहले ही खोल दिया गया है। पात्र विद्यार्थी समर्थ प्लेटफॉर्म के स्टूडेंट पोर्टल के माध्यम से परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं। जिन विद्यार्थियों ने पहले से पोर्टल पर पंजीकरण किया है, वे अपने खाते में लॉगिन कर परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं। जिन छात्रों ने अभी तक पंजीकरण नहीं किया है, उन्हें पहले न्यू रजिस्ट्रेशन पर क्लिक करके रजिस्ट्रेशन करना होगा। पंजीकरण में किसी प्रकार की समस्या होने पर छात्र अपने क्षेत्रीय केंद्र से सहायता ले सकते हैं।
विद्यार्थी 10 मार्च 2026 से 10 अप्रैल 2026 तक  बिना विलंब शुल्क के परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि है और 11 अप्रैल 2026 से 24 अप्रैल 2026 तक ₹1100 विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म जमा किया जा सकता है  विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। छात्रों को फॉर्म भरते समय पेन-एंड-पेपर मोड या सीबीटी मोड, कोर्स और परीक्षा केंद्र का चयन सावधानीपूर्वक करना होगा। प्रैक्टिकल/लैब कोर्स के लिए पंजीकृत छात्रों को परीक्षा स्थल और समय-सारिणी के लिए अपने क्षेत्रीय केंद्र से संपर्क करना होगा। समर्थ पोर्टल के माध्यम से फॉर्म भरने के कारण परीक्षा केंद्र बदलने का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा। परीक्षा फॉर्म जमा करने के बाद चुने गए कोर्स में कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा।
छात्रों को दिसंबर 2025 का परिणाम देखने के बाद ही जून 2026 परीक्षा के लिए फॉर्म भरने की सलाह दी जाती है। एक बार जमा की गई फीस किसी भी स्थिति में वापस नहीं की जाएगी। फॉर्म भरने से पहले छात्रों को समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर भरना चाहिए। यदि एक ही समूह के कोर्स या बैकलॉग पेपर के कारण परीक्षा तिथि में टकराव होता है तो उसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने से पहले अपने कार्यक्रम की वैधता की जांच कर लेनी चाहिए। विश्वविद्यालय ने यह भी बताया है कि किसी आपात स्थिति या अन्य कारणों से परीक्षा केंद्र या परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव करने का अधिकार विश्वविद्यालय के पास सुरक्षित रहेगा। किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए छात्र termendexam@ignou.ac.in से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *