अमेरिका, इजराइल और ईरान में चल रहे तनाव का असर अब हरियाणा में भी दिखने लगा है। सरकार ने कॉमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई रोक दी है। आने वाले दिनों में घरेलू सप्लाई पर भी असर पड़ सकता है। पहले एक से 2 दिन में घरेलू सिलेंडर की डिलीवरी हो जाती थी। अब इसमें एक हफ्ते तक का टाइम लग रहा है।

तीनों कंपनियों की तरफ से सरकार को भेजी गई जानकारी के मुताबिक, इंडियन ऑयल के पास वर्तमान स्टॉक लगभग 3.5 दिनों का है। भारत पेट्रोलियम के पास लगभग 7.1 दिनों तक की घरेलू आपूर्ति के लिए स्टॉक उपलब्ध है। वहीं, हिंदुस्तान पेट्रोलियम का स्टॉक लगभग 5.8 दिनों का है।

कैथल, रेवाड़ी और फरीदाबाद में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइन लगी है। लोगों का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। फोन पर OTP भी नहीं आ रहे।

उधर, मुख्यमंत्री नायब सैनी ने चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर खाद्य आपूर्ति विभाग की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस की किसी प्रकार की कालाबाजारी न हो और लोगों में पैनिक न हो।
अभी शादियों का सीजन भी चल रहा है, ऐसे में कैटरर्स और होटल संचालकों को मुश्किल का सामना करना पड़ सकता है। जींद में शिव शंकर कैटर्स के संचालक सौरभ ने बताया कि 2 दिन से कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई नहीं आ रही है। डीलर से बात की तो उसने बताया कि पीछे से स्टॉक नहीं आ रहा।

हरियाणा में तीन तेल कंपनियां – इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) – मिलकर हर दिन लगभग 580 टन स्च्ळ गैस कॉमर्शियल इस्तेमाल के लिए भेजती हैं। इसमें IOCL लगभग 221 टन, BPCL 232 टन और HPCL 127.1 टन गैस देती है।

तीनों कंपनियों ने सरकार को जो जानकारी भेजी है उसके मुताबिक, घरों में हर दिन लगभग 3,053 टन LPG की खपत होती है। इसमें से IOCL लगभग 1,310 टन, BPCL लगभग 911 टन और HPCL लगभग 832 टन गैस सप्लाई करती है। 10 मार्च तक, IOCL के पास हरियाणा में 2,966 टन LPG का स्टॉक था, और 1,624 टन गैस रास्ते में थी। अगर और गैस आनी बंद हो जाए, तो यह स्टॉक केवल 3.5 दिनों तक ही घरों की जरूरतें पूरी कर पाएगा।

इसी तरह, BPCL के पास अभी 4,238 टन LPG का स्टॉक है और 2,213 टन गैस रास्ते में है, जिससे लगभग 7.1 दिनों तक घरों में गैस सप्लाई की जा सकती है। HPCL के पास लगभग 4,232 टन एलपीजी का स्टॉक है, जिसमें से 600 टन गैस रास्ते में है। अगर सप्लाई रुक जाए तो यह स्टॉक लगभग 5.8 दिनों तक घरेलू सिलेंडरों की मांग को पूरा कर सकता है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *