करनाल, 2 फरवरी
सकल हिंदू समाज समिति द्वारा आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में हिंदू एकता, संगठन, सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया गया। सदर बाजार स्थित दयालपुरा कालोनी में सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघ चालक डॉ भरत ठाकुर, मुख्य अतिथि अशोक मग्गू व कार्यक्रम संयोजक निर्मल शास्त्री द्वारा मां भारती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित तथा पुष्पार्चना कर किया गया । सम्मेलन में सैंकड़ों की संख्या में लोग तथा माताएं एवं बहनें उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता जिला संघ चालक डॉ भरत ठाकुर ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका, सौ वर्षों की यात्रा, उद्देश्य और राष्ट्र निर्माण में संघ के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। एकजुट हिंदू समाज ही राष्ट्र को सशक्त और सुरक्षित बना सकता है। उन्होंने हिंदू समाज को संगठित रखने, सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करने तथा युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा से जोड़ने का संकल्प दिलाया। मुख्य अतिथि अशोक मग्गू ने आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के आधार पर सकल हिंदू समाज को संगठित और एकजुट रहने का आह्वान किया। हिन्दू एकता पर बल देते हुए जाति- पाति के भेदभाव से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने अनेक सामाजिक धार्मिक प्रेरक प्रसंगों के साथ समाज को जोड़ने वाला संदेश दिया। इस अवसर पर वातावरण राष्ट्रभक्ति और सामाजिक चेतना से गुंजायमान हो गया। भारत माता की जय, जय श्री राम, वंदे मातरम आदि राष्ट्रभक्ति के नारो से सभा स्थल गूंज उठा। अंत मे कार्यक्रम के संयोजक निर्मल शास्त्री ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर माधव नगर कार्यवाह भारत भूषण नगर, पुष्पेंद्र, अनिल कुमार व अशोक गौरव सहित प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
