आमलकी एकादशी का व्रत करने से सभी पापों का नाश होता है और जीवन में सुख-शांति आती है : दीपक पांडे
करनाल, 27 फरवरी  : शहर की पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में फाल्गुन महोत्सव के अंतर्गत आमलकी एकादशी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। शुक्रवार को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दर्शन व पूजा-अर्चना के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था और बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार भक्तों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। एकादशी के उपलक्ष्य में विशेष भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें भजन गायकों ने बाबा श्याम की महिमा का गुणगान कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। संध्या आरती के समय पूरा मंदिर परिसर श्याम नाम के जयकारों से गूंज उठा।इस अवसर पर पंडित दीपक पांडे ने आमलकी एकादशी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस दिन भगवान विष्णु और आंवले के वृक्ष की पूजा का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास माना जाता है, इसलिए इस दिन आंवला पूजन और सेवन दोनों ही अत्यंत शुभ होते हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और विधि-विधान से व्रत करने पर सभी पापों का नाश होता है तथा जीवन में सुख-शांति और समृद्धि का आगमन होता है। इस मौके पर मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता ने बताया कि बाबा श्याम के दर्शन के लिए करनाल सहित दूर-दराज़ क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना करते हैं। मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण भी किया गया।इस धार्मिक आयोजन में देसराज गुप्ता, राजेश गर्ग, महेंद्र गुप्ता, अनिल गर्ग, राम करण गोयल, अशोक सिंघला, अनुपम त्रिपाठी, पंडित उमेश पांडे, पवन गुप्ता, राजेश सिंघला, हरीश सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *