वार्ड नंबर 17 से निवर्तमान एवं छह बार से पार्षद ने सातवीं बार ताल ठोकी। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर नगर परिषद की पोल खोली।
रेवाड़ी में नगर परिषद चुनाव को लेकर प्रत्याशियों द्वारा अपनी अगली पारी की शुरुआत करते हुए स्वयं को प्रोजेक्ट करना शुरू कर दिया गया है। पार्षद रहते हुए पांच साल में कितने विकास के काम करवाए इसका लेखा जोखा पेश करना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही आरोप प्रत्यारोप का दौर भी चल पड़ा है। इसी कड़ी में नगर परिषद वार्ड नंबर 17 से छह बार एवं निवर्तमान पार्षद सुचित्रा चांदना ने वार्ड से सातवीं बार अपनी दावेदारी पेश करते हुए नगर परिषद की पोल खोली है। विकास के नाम पर हो रहे भ्रष्टाचार को लेकर नगर परिषद अधिकारियों तथा ठेकेदारों को आड़े हाथों लिया। नगर परिषद पर निशाना साधते हुए लगातार तीस वर्षों तक पार्षद रही सुचित्रा चांदना ने कहा कि कमेटी में जो भ्रष्टाचार हुआ उसका वे विरोध करती है सड़कों के निर्माण में जो गुणवत्ता से समझौता हुआ तथा जिस तरीके से कोई एक्शन ना करना और ठेकेदारों के बिल पास कर देना वास्तव में अधिकारियों की कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह लगाता है। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से ठेकेदारों द्वारा सड़कों की क्वालिटी में अनियमितता बरती जा रही है उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। कमेटी में नई चेयरमैन बनने पर सफाई व्यवस्था पर ध्यान दिया जाना चाहिए। वार्डों में साफ सफाई तथा स्ट्रीट लाइट सबसे जरूरी है। उन्होंने शहर के बदहाल सीवरेज सिस्टम के लिए कमेटी और पब्लिक हैल्थ के लचर सिस्टम को कोसा। शहर में घूम रहे बेसहारा पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजने तथा आवारा कुत्तों की बढ़ती हुई संख्या तथा उनकी नसबंदी के नाम किए गए भ्रष्टाचार पर खूब खरी खोटी सुनाई। सुचित्रा चांदना ने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वार्ड की जनता ने उन्हें छह बार लगातार चुनकर नगर परिषद में भेजा है वार्ड की जनता चाहती है कि सातवीं बार भी चुनाव लड़े इसलिए वे चुनाव मैदान में उतरी है। वहीं वार्ड नंबर 17 से निर्दलीय उम्मीदवार कपिल कुमार जट्टु ने भी वार्ड से ताल ठोकी है। कपिल कुमार जट्टु ने कहा कि वार्ड नंबर 17 में अनेक समस्याएं व्याप्त हैं अगर वार्ड की जनता ने उन्हें सेवा का मौका दिया तो सभी का समाधान करवाने का प्रयास करेंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *