कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने इंडिया इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर एक्सपो का किया अवलोकन,आधुनिक कृषि तकनीकों को सराहा
करनाल, 21 फरवरी।
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता कैबिनेट मंत्री  कृष्ण कुमार बेदी शनिवार को नई अनाज मंडी में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर एक्सपो एवं राइस एंड ग्रेन एक्सपो में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बागवानी विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा विभिन्न संस्थानों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने विशेष रूप से कृषि क्षेत्र में उपयोग होने वाली आधुनिक मशीनों में रुचि दिखाई और विशेषज्ञों से उनके कार्य संचालन की विस्तृत जानकारी ली।
एक्सपो अवलोकन के पश्चात मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के एक्सपो किसानों और उद्यमियों के लिए मील का पत्थर साबित होते हैं। एक्सपो में विभिन्न राज्यों से आए स्टॉलों के माध्यम से तकनीक और नए विचारों को साझा करने का एक साझा मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि एक्सपो लगाने वाले आयोजकों और इसमें भाग लेने वाले किसानों व उद्यमियों का हौसला बढ़ाना प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है। ऐसी प्रदर्शनियों से न केवल किसानों को नई दिशा मिलती है, बल्कि राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
एक सवाल के जवाब में कैबिनेट मंत्री ने विपक्ष की भूमिका पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि विपक्ष रचनात्मक भूमिका निभाता है, तो इससे देश का मान-सम्मान बढ़ता है। इसके विपरीत, यदि विपक्ष विध्वंसक राजनीति करता है, तो इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि धूमिल होती है। आज पूरी दुनिया विपक्ष के व्यवहार को  देख रही है।
इस अवसर पर सीईओ प्रमोद कुमार सिरोहा, सहायक आयोजक बलिंद्र कुमार, विभिन्न विभागों व संस्थानों के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *