-पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने एमआरआई मशीन का उद्घाटन,100 बैड के नए अस्पताल के निर्माणाधीन भवन का किया निरीक्षण
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा बुधवार को लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में एमआरआई मशीन के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। इसके उपरांत 100 बैड के नए अस्पताल के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण भी किया। इस दौरान सीएमओ डा. सुखबीर सिंह ने अस्पताल निर्माण कार्य की विस्तृत रिपोर्ट दी और लोकनिर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता ऋषि सचदेवा ने प्रोजेक्ट के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि यह एम.आर.आई. मशीन लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की गई है। इसे पी.पी.पी. (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर शुरू किया गया है, जिससे सरकारी व्यवस्था और निजी विशेषज्ञता का समन्वय होकर जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह मशीन यूनाइटेड कम्पनी की 1.5 टेस्ला क्षमता वाली आधुनिक एम.आर.आई. मशीन है, जो शरीर की अत्यंत सूक्ष्म जांच करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि यह मशीन दिमाग की संपूर्ण और सटीक स्टडी करने में सहायक है। शरीर की खून की नसों सहित सभी नसों की जांच अत्यंत स्पष्टता के साथ की जा सकेगी। गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाकर उपचार को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र का यह जिला अस्पताल अब हरियाणा में स्थापित एम.आर.आई. मशीनों की श्रृंखला में सातवां स्थान प्राप्त कर रहा है। इससे पहले यह सुविधा अम्बाला, पंचकूला, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत तथा हिसार में सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब जिला अस्पताल में एम.आर.आई. रूटीन जांच मात्र 1560 रुपये में उपलब्ध होगी, जबकि निजी केंद्रों पर यही जांच लगभग 6000 रुपये तक में करानी पड़ती है। इससे गरीब एवं मध्यम वर्ग के लोगों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें बड़े शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि यह मशीन 24 घंटे कार्यरत रहेगी, जिससे आपातकालीन स्थितियों में भी मरीजों को तुरंत जांच सुविधा मिल सकेगी। प्रतिदिन लगभग 60 से 65 मरीजों की एम.आर.आई. जांच इस मशीन द्वारा की जा सकेगी, जिससे उपचार की गति और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि अल्ट्रा साउंड मशीन की कीमत 73.50 लाख रुपये है। यह एक आधुनिक कलर अल्ट्रासाउंड मशीन है, जिससे जांच की गुणवत्ता पहले की मशीन की तुलना में अधिक बेहतर और सटीक होती है। इस मशीन की सहायता से हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी से संबंधित आवश्यक जांचें अधिक प्रभावी तरीके से की जा सकती हैं। नई तकनीक होने के कारण इसमें जांच करने में पहले की मशीन के मुकाबले कम समय लगता है, जिससे मरीजों को शीघ्र सुविधा मिलती है और अधिक संख्या में लोगों की जांच संभव हो पाती है। इस प्रकार यह मशीन न केवल आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएँ प्रदान करेगी, बल्कि आमजन को सस्ती, तेज एवं विश्वसनीय जांच सुविधा भी उपलब्ध कराएगी।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि एल.एन.जे.पी. अस्पताल, कुरुक्षेत्र में 100 बेड के अस्पताल का निर्माण चला हुआ है। इसके लिए 88.52 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। इनमें से 32 करोड़ रुपए की लागत का सिविल, 22 करोड़ से बिजली के कार्यों को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल के लिए बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर सहित 7 मंजिला भवन का निर्माण किया जाएगा। इसमें 6 लिफ्ट और एक रैंप भी लगेंगी। रूम व यूनिट को मिलाकर 199 विकसित किए जाएंगे। अब तक लगभग 35 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। मार्च 2027 तक इन सभी कार्यों को पूरा कर लिया जाएगा।
इस मौके पर मार्केट कमेटी थानेसर के चेयरमैन सुरेश सैनी कूक्कू भी मौजूद रहे।
