सर्विस लेन की मांग पर 12वें दिन भी डटे रहे आंदोलित किसान
दिल्ली बैठक से पहले भाकियू प्रदेश अध्यक्ष रतन मान को सौंपी जाएगी आंदोलन की रिपोर्ट
करनाल, 17 फरवरी।
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश संगठन सचिव श्याम सिंह मान ने कहा कि प्रशासन किसानों की सुध नहीं ले रहा है। जिससे किसानों में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है। यदि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या को हल करने में प्रशासन पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है। साथ ही उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही किसानों के हक में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो किसान आर-पार की लड़ाई लडऩे को मजबूर होंगे। श्याम सिंह मान मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के तत्वावधान में गांव सोहाना के पास चल रहे करनाल रिंग रोड पर धरने को संबोधित कर रहे थे। किसानों का धरना मंगलवार को 12वें दिन में प्रवेश कर गया। करनाल रिंग रोड पर सर्विस लेन की मांग को लेकर किसान लगातार संघर्षरत हैं। आज धरने की अध्यक्षता वरिष्ठ किसान नेता सतबीर मंढाण गढ़ीबीरबल ने की। इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। जिन्होंने प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर अपना रोष जाहिर किया। आज धरने पर विशेष रूप से पहुंचे प्रदेश संगठन सचिव श्याम सिंह मान ने आंदोलनकारी किसानों का हौसला बढ़ाते हुए जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला। श्याम सिंह मान ने बताया कि इस पूरे आंदोलन की विस्तृत रिपोर्ट भाकियू प्रदेश अध्यक्ष रतनमान को सौंपी जाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि दिल्ली में प्रस्तावित बैठक को ध्यान में रखते हुए 18 फरवरी को प्रस्तावित हल्ला बोल विरोध प्रदर्शन को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली बैठक में जो भी निर्णय लिया जाएगा। उसी के आधार पर आगामी आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। किसानों ने एक स्वर में कहा कि जब तक उनकी सर्विस लेन की मांग पूरी नहीं होती। तब तक उनका धरना और आंदोलन जारी रहेगा। इस अवसर पर सतीश कुमार रिंडल, कृष्ण चंद नंबरदार, राजेंद्र कुमार, बिट्टू सांगवान, महिंद्र सिंह मंढाण, सुरेंद्र सांगवान, किरण पाल शर्मा, करनैल शर्मा, भीम सिंह, जोगिंद्र सिंह, दीपक बदरहण, मनीष बदरहण, देवेंद्र सांगवान, वेदपाल सांगवान, ईश्वर शर्मा, विनोद सांगवान, विक्रम, मनीष बदरहण, रमेश शर्मा, राम कुमार, राज कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *