गांधी जी के सत्य, अहिंसा, त्याग और सर्वधर्म समभाव के सिद्धांतों को आत्मसात करने का लिया संकल्प
करनाल। देशभर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान और सादगी के साथ मनाई गई। इसी क्रम में करनाल में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन तथा जिला कांग्रेस कमेटी शहरी व ग्रामीण के संयुक्त नेतृत्व में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर राष्ट्रपिता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, त्याग और सर्वधर्म समभाव के सिद्धांतों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा चरखा कातते हुए स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और श्रम के सम्मान का संदेश भी दिया गया, जो गांधी जी के विचारों की जीवंत झलक प्रस्तुत करता है। कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष पराग गाबा ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी का देश की आजादी में योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने अहिंसा के बल पर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ कई बड़े आंदोलन चलाकर देश को स्वतंत्रता की राह पर अग्रसर किया। गाबा ने कहा कि आज की पीढ़ी को गांधी जी के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और देशहित में कार्य करना चाहिए। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील पंवार ने कहा कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा है, जो आज भी समाज को दिशा दिखाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर ही समाज में शांति, भाईचारा और समानता कायम की जा सकती है। डॉ. पंवार ने कार्यकर्ताओं से गांधी जी के आदर्शों को अपने व्यवहार में उतारने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय व विकास पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें सभी धर्मों के प्रतिनिधियों ने देश में अमन-चैन, सामाजिक सौहार्द और एकता की कामना की। इस अवसर पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता ने अपने विचार रखे और महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलने के संकल्प लिया। इस अवसर पर पराग गाबा, नाहर सिंह संधू, निश्चय सोई, ललित कुमार, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया इंचार्ज दीपक महाजन (संदीप), बिंदर पोसवाल, दिलशेर डाचर, अशोक दुग्गल, सुरेश चौधरी, प्रवीन पूनिया, सुरेंद्र नंबरदार, भारत ढिल्लों, जितेंद्र पांचाल, रमेश जोगी, गुरमीत सिंह, पृथ्वी भाट, अनिल शर्मा, नवजोत कश्यप, जसबीर पन्नू, ललित अरोड़ा, श्रवण कुमार, संजय चौहान, मधुराय कालड़ा, संदीप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
