कुरुक्षेत्र। पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि बीजेपी हरियाणा की गरीब जनता के साथ बहुत बड़ा धोखा कर रही है। इस सरकार ने चुनाव में राशन कार्ड बनाकर गरीबों की वोट ली और अब धड़ल्ले से उनके राशन कार्ड काटे जा रहे हैं।
हुड्डा यहां पूर्व मंत्री हरमोहिंदर सिंह चट्ठा की धर्मपत्नी तथा विधायक रामकरण काला के बड़े भाई के निधन पर परिवार को सांत्वना देने और दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे थे।कार्यक्रम के दौरान मिले लोगो से फैमिली आई डी व बहुत सी खामियों की चर्चा के बाद पत्रकारों से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि बीजेपी सरकार फैमिली आईडी के नाम पर गरीबों के साथ बड़ा अन्याय कर रही है। नाम, उम्र और अन्य मामूली त्रुटियों के कारण पिछले 6 महीनों में ही 70 हजार परिवारों के राशन कार्ड काट दिए गए हैं।
यह महज आंकड़ा नहीं, बल्कि हजारों गरीब परिवारों की थाली से रोटी छीनने की दर्दनाक कहानी है। इससे पहले भी हरियाणा ने पूरे देश में टॉप करते हुए लगभग 14.50 लगभग लाख राशन कार्ड काटे हैं।
फैमिली आईडी में छोटी-छोटी गलतियों के चलते राशन कार्ड काटे जा रहे हैं, पेंशनें बंद की जा रही हैं और लोग महीनों से जिला सरल केंद्रों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। सबसे चिंताजनक यह है कि गलतियां सुधारने के बाद भी कई परिवारों का राशन और पेंशन बहाल नहीं किया जा रहा। खबरों के अनुसार अब तक लाखों लोगों की पेंशन काटी जा चुकी है।
2024 के चुनाव में वोट लेने के लिए बीजेपी ने 1 करोड़ अतिरिक्त लोगों को BPL में जोड़ा गया और वोट लेने के तुरंत बाद धड़ल्ले से राशन कार्ड काटने शुरू कर दिए गए।
संसद के शीतकालीन सत्र में पूछे गए सवाल पर केंद्र सरकार से जवाब आया कि पूरे देश में 41 लाख 41 हजार 385 राशन कार्ड काटे गए, जिसमें हरियाणा सरकार ने 13 लाख 43 हजार 474 के साथ टॉप किया है।
हुड्डा ने सवाल उठाया कि चुनाव से पहले इतने राशन कार्ड क्यों बनवाए गए और अब क्यों काटे जा रहे हैं? सरकार इस सवाल का जवाब क्यों नहीं दे रही है?
सोनिका वधवा
