कला कीर्ति भवन में आयोजित हुआ भारत संस्कृति यात्रा कार्यक्रम, ख्यातिप्राप्त कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां
———-
कुरुक्षेत्र 28 जनवरी। हरियाणा कला परिषद द्वारा आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में हिंदुस्तान आर्ट एण्ड म्यूजिक सोसायटी के सौजन्य से भारत संस्कृति यात्रा कार्यक्रम का कला कीर्ति भवन में आयोजन किया गया। जिसमें देश के ख्याति प्राप्त कलाकारों ने अपने शास्त्रीय गायन, वादन तथा नृत्य से कार्यक्रम में चार चांद लगाए। हिंदुस्तान आर्ट एण्ड म्यूजिक सोसायटी के सचिव प्रसन्नजीत पोद्दार के नेतृत्व में संतूरवादक पंडित अभय रुस्तम सोपोरी ने संतूरवादन से कुरुक्षेत्रवासियों का दिल जीता। इसके अलावा पंडित मिथिलेश झा ने तबले तथा कुरुक्षेत्र के डा. तरुण जोशी ने हरमाॅनियमवादन से कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। ख्यातिप्राप्त पखावज कलाकार ऋषिशंकर उपाध्याय ने पखावज के माध्यम से विभिन्न शास्त्रीय थाप बजाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। देश के विभिन्न कोनों से आए कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कुरुक्षेत्रवासियों का दिल जीता। विदूषी नबनीता चैधरी ने अपने सुरीले कण्ठ से जब शास्त्रीय गायन की तान छेड़ी तो दर्शकदीर्घा में बैठे संगीतप्रेमी तालियों के माध्यम से कलाकारों का साथ देते नजर आए। अरित्रो चैधरी के तबलावादन और मिनू गरु के कत्थक नृत्य ने भी भारत संस्कृति यात्रा कार्यक्रम में अपना विशेष योगदान दिया। समस्त कलाकारों की प्रस्तुतियों के कायल होते श्रोता अपनी तालियों के माध्यम से कलाकारों का हौंसला बढ़ाते नजर आए। इस मौके पर नागेंद्र शर्मा, डा. पुरुषोत्तम अपराधी, डा. अशोक शर्मा तथा सुलेखा ने कलाकारों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
