निगम पार्षद रहे मौजूद, स्वतंत्रता सेनानियों व अमर शहीदों को किया नमन।
नागरिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी करें निर्वहन, स्वच्छता बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी- निगमायुक्त।
निगमायुक्त ने श्रेष्ठ कार्य करने वाले 14 कर्मचारियों को किया सम्मानित।
करनाल 27 जनवरी

77 वां गणतंत्र दिवस नगर निगम के प्रांगण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्र धुन हुई और उपस्थित सभी ने खड़े होकर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान दिया। अग्निशमन व होमगार्ड के जवानों ने संक्षिप्त परेड का प्रदर्शन किया।
इस मौके पर नगर निगम आयुक्त ने तमाम शहर वासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी और देश को आजाद करवाने वाले अमर शहीदो का स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था, जो विश्व का सर्वश्रेष्ठ संविधान है। संविधान की विशेषता यह है कि भारत के प्रत्येक नागरिक को समता, स्वतंत्रता के समान अधिकार के साथ-साथ हर व्यस्क को वोट देने का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से सीमा पर जवान देश की रक्षा करते हैं, उसी तरह से देश के अंदर नागरिक समाजसेवा करते हैं।
निगम आयुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कहा कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक की बात को सम्मान के साथ सुना जाए और उनको त्वरित समाधान देना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह भी एक सेवा का कार्य है, जिसे हमें बखूबी निभाना चाहिए। उन्होंने शहरवासियों से भी कहा कि नगर निगम द्वारा नागरिकों को समय पर मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। अनेक बड़ी परियोजनाओं के चलते शहर का चहुंमुखी विकास हो रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियां जोरों पर हैं। तमाम नागरिक शहर को नम्बर 1 पर लाने के लिए तत्परता से सहयोग दें। प्रत्येक घर में गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबीन में ही रखें और अलग-अलग ही उसे कचरा उठाने वाले वाहन में डालें। अपने घर, परिवेश, सार्वजनिक स्थान और शहर को साफ-सुथरा बनाए रखें। उन्होंने उम्मीद जाहिर करते कहा कि नगर निगम के कर्मचारी, अधिकारी व शहरवासियों की मदद से करनाल स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के नतीजो में 1 रैंक लाकर सफलता हासिल करेगा।
गणतंत्र दिवस समारोह में नगर निगम पार्षद जोगिन्द्र शर्मा, संजीव कुमार मैहता, प्रियंका सैनी, अमृत लाल जोशी, राजेश अग्गी, सुधीर यादव, मनोनीत पार्षद गौरव नागपाल व विशेष वर्मा, पूर्व पार्षद युद्घवीर सैनी, स्वच्छता ब्रांड एम्बसेडर व 94.5 माय एफ.एम. रेडियो से आर.जे. दिव्या ने भाग लिया। इन्होंने देशभक्ति गीत गाए। शहरवासियों को बधाई दी और नागरिकों से अपने शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने की अपील की। शहरी समुदाय आयोजक रावत शर्मा ने भी देशभक्ति गीत गाया। ट्रीगर मास्टर गुरदेव सिंह ने कुशल मंच संचालन किया। इस अवसर पर अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, वरिष्ठï लेखा अधिकारी बलविन्द्र कुमार जग्गी, कार्यकारी अभियंता प्रियंका सैनी के अतिरिक्त तमाम निगम कर्मचारी उपस्थित रहे।

श्रेष्ठ कर्मचारियों को किया सम्मानित- निगमायुक्त ने इस अवसर पर श्रेष्ठ कार्य करने वाले नगर निगम के 14 कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें मेरी बीट-मेरी पहचान प्रतियोगिता में विजय रहे जोन 1 के सुपरवाईजर पुनीत, जोन 2 के सुपरवाईजर रवि, जोन 3 के सुपरवाईजर संदीप कुमार व जोन 4 के सफाई दरोगा नरेश कुमार के अतिरिक्त लिपिक अमरदीप विर्क व विक्रम सिंह, सफाई कर्मचारी तेजपाल, सुजाता, मुकेश व अमन, सेवादार दीपक व संजय, इलैक्ट्रिशयन गुरमेश तथा माली पवन कुमार शामिल हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *