देशभक्तों के त्याग और बलिदान के साथ जुड़ी है गणतंत्र दिवस की एक अमर कथा, जिला परिषद करनाल की चेयरपर्सन प्रवेश कुमारी ने किया उपमंडल शाहबाद में ध्वजारोहण, पुलिस के जवानों व विभिन्न स्कूल-कॉलेजों ने शानदार परेड का किया प्रदर्शन, उल्लेखनीय कार्य करने वालों को करनाल जिप चेयरपर्सन ने किया सम्मानित
शाहबाद 26 जनवरी जिला परिषद करनाल की चेयरपर्सन प्रवेश कुमारी ने कहा कि गणतंत्र दिवस का यह अवसर उन स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों को भी नमन करने का दिन है, जिन्होंने भारत को आजाद कराने और एक गणराज्य के रुप में स्थापित करने में अपना तन-मन-धन न्यौछावर कर दिया। इन महान अमर शहीदों के बलिदान से ही हमें गणतंत्र दिवस मनाने का यह गौरवशाली अवसर प्राप्त हुआ है। आजादी की लड़ाई के दौरान और इसके बाद राष्ट्र की एकता व अखण्डता के लिए हरियाणा के सपूतों ने वीरता और बलिदान की नई मिसाल कायम की थी। हमारा प्रदेश वीर सैनिकों की जन्मभूमि है। जहां पर हर दसवां व्यक्ति सेना में देश की सीमाओं पर अपनी सेवाएं दे रहा है।
जिला परिषद करनाल की चेयरपर्सन प्रवेश कुमारी सोमवार को शाहबाद अनाज मंडी के प्रांगण में उपमंडल स्तर पर आयोजित 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में उपमंडल वासियों को संबोधित कर रही थी। इससे दौरान चेयरपर्सन प्रवेश कुमारी ने गणतंत्र दिवस के उपमंडल स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण करने उपरांत परेड की सलामी ली। इससे पहले चेयरपर्सन प्रवेश कुमारी ने शहीद स्मारक पर जाकर शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। चेयरपर्सन प्रवेश कुमारी ने आजादी के लिए अपने प्राणों को न्योछावर करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात शहीदों के साथ-साथ उन जांबाज जवानों को भी सलाम करते कहा कि हम अपने शहीदों के बलिदानों का कर्ज तो नहीं चुका सकते, लेकिन उनके परिजनों की देखभाल करके उनके प्रति सम्मान अवश्य जता सकते है। हमारा प्रदेश हरियाणा सद्भाव, सौहार्द, समान विकास, समरसता के साथ-साथ उन बदलावों का साक्षी रहा है, जिनसे हर आदमी का जीवन सरल, सुगम और सुरक्षित हुआ है।
उन्होंने कहा कि बागवानी फसलों को मौसम की मार से बचाने के लिए मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना शुरू करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। ग्रामीणों की आय का पशुपालन एक प्रमुख साधन है। पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड की तर्ज पर पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड योजना शुरू की है। कौशल रोजगार निगम के माध्यम से कर्मचारियों की भर्ती में भी गरीब परिवारों के युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अलावा निगम के माध्यम से लगे कर्मचारियों की नौकरियां सुरक्षित करने का प्रावधान किया गया है। एमएसपी पर सभी 24 फसलों की खरीद कर बिक्री की राशि सीधे 48 घंटे में किसानों के खाते में भेजी जा रही है। किसानों को 415 रुपए प्रति क्विंटल तक गन्ने का भाव दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री किसान खेतीहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत 5 लाख रुपए तक की राशि प्रदान की जा रही है।
चेयरपर्सन प्रवेश कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार ने कृषि, उद्योग, व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र में ई-गवर्नेस के माध्यम से कांतिकारी बदलाव किए हैं। जिस प्रकार, परिवार पहचान पत्र के डेटा से विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों को घर बैठे मिल रहा है। उसी प्रकार, कृषि क्षेत्र में मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल बनाकर किसान कल्याण की अनेक योजनाओं को इससे जोड़ा गया है। इसलिए गणतन्त्र दिवस के पावन अवसर पर हम सबको यह प्रतिज्ञा करनी होगी कि हमें भी अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए आने वाली पीढिय़ों के लिए बेहतर भविष्य बनाना होगा। हम सब मिलकर सशक्त भारत विकसित भारत का निर्माण करेंगे। सभी नागरिकों को संविधान के प्रति सजग करेंगे और सबको समान रूप से जीने का अवसर प्रदान करेंगे।
उपमंडल अधिकारी नागरिक चिनार सनसनवाल ने उपमंडलवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम में परेड के दौरान हरियाणा पुलिस के जवानों, एमएन कॉलेज की एनसीसी विंग, आर्य कॉलेज की एनसीसी विंग, पीएमश्री स्कूल खरींडवा की एनसीसी विंग, घोष विद्या मंदिर व एनएसएस के विद्यार्थियों द्वारा शानदार मार्च पास्ट की प्रस्तुती दी। इसके साथ-साथ विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने मास पीटी, लेजियम, डंबल, योगा व पीएमश्री विद्यालय शाहाबाद मारकंडा द्वारा हरियाणवी नृत्य, विश्वास स्कूल कोरियोग्राफी मंगल पांडेय, सतलुज स्कूल भांगड़ा, माता रुक्मिणी राय आर्या स्कूल द्वारा लावणी, डीएवी सेंटरी स्कूल द्वारा राजस्थानी नृत्य सहित शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। एसडीएम चिनार सनसनवाल ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उपमंडल प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता सेनानी, वार विडो तथा उनके परिजनों तथा उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रसंशा पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर भाजपा नेता सुभाष कलसाना, मुख्यातिथि के परिवार से सोहन सिंह, सूर्यांश, सार्थक व रोहित, डीएसपी रामकुमार, तहसीलदार नवनीत, एसएमओ डा. कुलदीप, बीईओ शेखर चंद शर्मा, कुलदीप ढींढसा, एसडीओ करनैल, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
