नीलोखेड़ी, करनाल, 26 जनवरी,
नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने कहा कि आज ही के दिन 76 वर्ष पहले सन 1950 को हमारा संविधान लागू हुआ था। इसी संविधान ने हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता के मौलिक अधिकार दिए। इसी दिन भारत विश्व का सबसे बड़ा संप्रभुता सम्पन्न, लोकतांत्रिक गणराज्य बना। इस अवसर पर, मैं संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के तमाम सदस्यों को नमन करता हूँ।
विधायक भगवानदास कबीरपंथी सोमवार को नई अनाज मंडी नीलोखेड़ी में उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराने के उपरांत उपमंडल वासियों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले विधायक ने शहीदी स्मारक पर जाकर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। ध्वज फहराने के बाद उन्होंने मार्च पास्ट का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। इस मौके पर विधायक की धर्मपत्नी सविता कबीरपंथी भी उपस्थित रही।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से ही भारत दुनिया में एक बड़ी ताकत के तौर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहा है। इसका श्रेय हमारे उन राजनेताओं, कर्मठ किसान-मजदूरों, कारीगरों तथा वैज्ञानिकों को जाता है जिन्होंने दिन-रात एक करके इस देश को विकास की गति प्रदान की। आज हमारा देश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में चहुंमुखी प्रगति कर रहा है। आज देश ने मिसाईलें ही नहीं बनाई, बल्कि चन्द्रयान, सूर्ययान और मंगलयान जैसे मिशन भी सफलतापूर्वक संचालित किए हैं। भारत चन्द्रमा के दक्षिणी धुव्र पर चंद्रयान 3 उतारने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। हमारा प्रदेश हरियाणा सद्भाव, सौहार्द, समान विकास, समरसता के साथ-साथ उन बदलावों का साक्षी रहा है, जिससे हर आदमी का जीवन सरल, सुगम और सुरक्षित हुआ है। हमने जनसेवा और जनता के बीच दीवार बन चुकी व्यवस्था को न केवल बदलने का काम किया है, बल्कि ऐसी व्यवस्था देने का प्रयास किया है, जिसमें जन जन को योजनाओं और सेवाओं का लाभ सरल तरीके से प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी से लेकर लम्बे समय तक गरीब कल्याण की बातें तो की जाती रही, लेकिन उनका लाभ पात्र व्यक्ति तक नहीं पहुंच पाया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के दर्शन के अनुरूप प्रदेश के सभी परिवारों का पहचान पत्र बनाया गया, जिससे पात्र परिवारों को घर बैठे ही सरकारी योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि आज का यह ऐतिहासिक दिन देशवासियों को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने के लिए साहस और प्रेरणा देता है। इस दिन हम उन महापुरुषों को भी याद करते हैं, जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलवाने और भारतीय संविधान को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनकी बदौलत ही भारत आज एक गणराज्य कहलाता है।
कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों, मार्च पास्ट करने वाले, सांस्कृतिक कार्यक्रम की टीमों को सम्मानित किया गया। उपमंडल प्रशासन द्वारा विधायक भगवानदास कबीरपंथी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस समारोह मे विधायक ने उपमंडल प्रशासन की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों समाज सेविको सहित करीब 16 प्रतिभाओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों को प्रदर्शित करती झांकियां निकाली गई। मंच का संचालन प्राध्यापिका प्रवीन चौधरी ने किया।
इस अवसर पर एसडीएम अशोक कुमार, डीएसपी महाबीर सिंह, हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ0 वीरेंद्र चौहान, तहसीलदार भारत भूषण, बीडीपीओ साहब सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी सतपाल बग्गा, नपा चेयरपर्सन सतनाम कौर आहुजा, नपा सचिव राहुल सैनी, मार्किट कमेटी नीलोखेड़ी चेयरमैन मलखान सिंह, मार्किट कमेटी तरावडी चेयरमैन रणदीप चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभिन्न गांवों के सरपंच व शहर के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहें।
