13 शिकायतों में से 10 शिकायतों का हुआ निपटान–3 शिकायतों का निपटान करने के लिए सम्बन्धित को दिए निर्देश।
जन स्वास्थ्य अभियान्त्रिकी व लोक निर्माण (भवन व सडक़ें) विभाग मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने सुनी समस्याएं।
अम्बाला, 22 जनवरी।
हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियान्त्रिकी व लोक निर्माण (भवन व सडक़ें) विभाग मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने वीरवार को पंचायत भवन अम्बाला शहर के सभागार में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक ली और एंजैडे के तहत 13 शिकायतों को सुना, जिनमें से 10 का समाधान किया गया और 3 शिकायतों के समाधान से सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश देकर अगली मीटिंग में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, विधानसभा संयोजक रितेश गोयल, पूर्व विधायक डा. पवन सैनी, उपायुक्त अजय सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत सहित कष्ट निवारण समिति के गैर सरकारी सदस्य व प्रशासनिक अधिकारीगण मौजूद रहे।
इस मौके पर जन स्वास्थ्य अभियान्त्रिकी व लोक निर्माण (भवन व सडक़ें) विभाग मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक में एंजैडे में रखी 13 शिकायतों को सुनते हुए 10 का निवारण किया गया है और 3 शिकायतों को सम्बन्धित विभागों को मार्क करते हुए उसका निपटान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए उपस्थित सभी को नववर्ष की बधाई देते हुए सभी के जीवन में नववर्ष खुशियां लेकर आए इसकी प्रभु से कामना भी की। उन्होने इस मौके पर पत्रकारो से बातचीत करते हुए यह भी कहा कि हर महीने मासिक बैठक आयोजित की जाती है और बैठक में सभी प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहते है ताकि लोगो की जो भी शिकायतें हैं उनका प्राथमिकता से समाधान किया जा सके। उन्होने कहा कि 26 जनवरी 1950 को हमारा संविधान लागू हुआ था। भारतीय जनता पार्टी संविधान को आगे रखकर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के कुशल मार्गदर्शन में पंडित दीन दयाल उपाध्याय के मूल मंत्र के साथ अंतोदय यानि पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति का उत्थान करने के लिए निरंतरता मे काम कर रही हैं। उन्होंने गणतंत्र दिवस की प्रदेशवासियों व देशवासियों को शुभकामनाएं भी दी।
मासिक बैठक के दौरान एंजैडे में रखी शिकायत के तहत गांव कालपी से आए मनजीत सिंह, सुरेन्द्र सिंह व अन्य ने अपनी शिकायत में बताया कि गांव कालपी में एनएच 73 वाया पंचकूला से यमुनानगर के दाईं तरफ नजदीक गौचरांद भूमि के पास सिगमा इंड्रस्टीयल पार्क नाम की कंपनी द्वारा एक कालोनी काटी जा रही है जिसकी सडकों की उंचाई लगभग 6 फीट की जा रही है जिसके साथ कालपी व नोहनी की सैंकडों एकड जमीन लगती है। इस जमीन की पानी की निकासी इसी कालोनी से होने वाली जमीन से होकर निकलती है लेकिन अब वहां कालोनी निर्माण से यह पानी की निकासी रूक जाएगी तथा उक्त जमीन में पानी रूकने से फसले बर्बाद हो सकती हैं। इस मामले में सम्बन्धित विभाग से आए अधिकारी ने बताया कि पानी निकासी के स्थाई समाधान के लिए कार्य किया जाएगा और इसके तहत सम्बन्धित किसानों व अन्य के साथ बैठक भी की गई है। सम्बन्धित कंपनी ने यहां पर अंडर ग्राउंड पाईप लाईन डालने से सम्बन्धित जो भी खर्चा होगा उसे वहन करने की बात कही है। इस मामले में कैबिनेट मंत्री ने इस शिकायत पर कहा कि वे उपायुक्त के पास अंडर पाईप लाईन डालने के लिए परमिशन के लिए अप्लाई करें ताकि यहां पर पाईप लाईन डलवाया जा सके। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।
इसी प्रकार गांव बिहटा के पवन कुमार, अश्वनी चौहान तथा तेपला के इंद्रजीत सिंह व अन्य ने अपनी शिकायत में बताया कि बिहटा व तेपला के रहने वाले किसानों के खेतों से एक नदी निकलती है जोकि शामली-अम्बाला हाईवे बनने से बंद हो गई है। जिसके चलते खेतों में पानी भर जाता है और उन्हें अपने खेतों में जाने के लिए रास्ता न होने के कारण काफी परेशानी का सामना करना पडता है। इस मामले में सम्बन्धित प्रार्थियो ने बताया कि पिछली बैठक के दौरान इस विषय से सम्बन्धित रास्ता छोडऩे एनएचएआई विभाग को कहा गया था जोकि यह कार्य कर दिया गया है। जिसके लिए उन्होंने मंत्री जी का धन्यवाद किया और साथ ही रास्ते से सम्बन्धित कुछ जगहों पर गड्ढे हो गए हैं उसे दुरूस्त करने बारे आग्रह किया। सम्बन्धित अधिकारी ने बताया कि यहां पर अंडर कंस्ट्रक्शन का कार्य चल रहा है। इस कार्य को भी करवा दिया जाएगा। इसके साथ-साथ प्रार्थियों ने तेपला से सम्बन्धित नदी पर बनाए जाने वाले पुल बारे भी अपनी समस्या रखी। इस विषय पर कैबिनेट मंत्री ने तहसीलदार, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता व अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को उक्त जगह का मौका मुआयना करने के निर्देश दिए और कहा कि वहां की वास्तविक स्थिति जांचकर जो भी कार्य प्राथमिकता से हो सकता है उसे करवाएं ताकि लोगों की जो समस्याएं हैं उसका समाधान हो सके।
गांव रैका जिला जम्मु कश्मीर निवासी बलजीत सिंह के बेटे के अकैडमी के दाखिले से सम्बन्धित शेष बची राशि दिलवाने व डिफैंस कालोनी अम्बाला छावनी निवासी सुभाष चंद ने भूमि से सम्बन्धित मामले पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई करने तथा गीता नगरी निवासी गगन सेठी ने अपनी बेटी को बाहर भेजने के नाम पर ठगी से सम्बन्धित राशि पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए दिलवाने पर पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। जिसके बाद एंजैडे में रखी पुलिस से सम्बन्धित शिकायतों को यहां से डिस्पोज किया गया।
इसी प्रकार लालकुर्ती निवासी सुषमा ने अपने पति विकास कुमार की निजी अस्पताल में ईलाज के दौरान हुई मृत्यु केे मामले में सम्बन्धित अधिकारी से जानकारी ली। सिविल सर्जन डा. राकेश सहल ने मंत्री को अवगत करवाया कि इस मामले में पिछली बैठक के दौरान नैगलीजैंसी बोर्ड व मैडिकल बोर्ड के सदस्यों द्वारा इस मामले की जांच करने बारे कहा गया था। टीम द्वारा जांच के बाद स्पष्ट रूप से बताया गया है कि सम्बन्धित व्यक्ति के परिवार से निजी अस्पताल द्वारा ईलाज से सम्बन्धित किसी प्रकार की कोई राशि  नहीं ली गई है। सम्बन्धित व्यक्ति की कैंसर के चलते मृत्यु हुई है। इस मामले में मंत्री ने सम्बन्धित प्रार्थी को कहा कि प्रार्थी की विधवा पैंशन या बीपीएल कार्ड से सम्बन्धित यदि कोई कार्य है तो उस कार्य को प्रशासन द्वारा करवा दिया जाएगा और सम्बन्धित प्रार्थी को बैंक डिटेल व अन्य दस्तावेज जिला प्रशासन को देने बारे कहा ताकि उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।
इसी प्रकार कच्चा बाजार अम्बाला कैंट निवासी सुनील वर्मा ने सीवरेज से सम्बन्धित समस्या रखी। इस मामले में नगर निगम के सहायक आयुक्त दीपक सूरा ने बताया कि सीवरेज से सम्बन्धित जो समस्या है उसे ठीक कर दिया गया है। शिकायतकर्ता ने मंत्री को अवगत करवाया कि सीवरेज की समस्या का स्थाई समाधान नहीं हुआ है। इस मामले में कैबिनेट मंंत्री ने जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि वे उक्त जगह का मुआयना करते हुए सीवरेज सम्बन्धित जो भी समस्या है उसका स्थाई समाधान करवाएं।
इसी प्रकार गांव बिहटा निवासी पवन कुमार पुत्र राजपाल ने गांव से सम्बन्धित बरसाती पानी की निकासी की समस्या रखी। इस मामले में बीडीपीओ ने मंत्री को अवगत करवाया कि अगले 15 दिन के अंदर-अंदर बरसाती पानी की निकासी की जो समस्या है उसे दूर कर दिया जाएगा।
इसी प्रकार गांव दुराना निवासी जरनैल सिंह की बिजली के बिल से सम्बन्धित शिकायत का निवारण किया गया। साथ ही मंत्री ने सम्बन्धित विभाग को कहा कि ऐसी शिकायतों का वे अपने स्तर पर प्राथमिकता से समाधान करें।
इसी प्रकार गांव मोहड़ी निवासी हरदयाल सिंह की फसल से सम्बन्धित मुआवजे की शिकायत पर कैबिनेट मंत्री ने जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देश दिए कि प्रार्थी की जो भी मुआवजे से सम्बन्धित राशि होती है उसे बैंक के सर्कल हैड के संज्ञान में लाकर पत्राचार करते हुए दिलवाने का काम करें। प्रार्थी ने यह राशि ब्याज सहित दिलवाने बारे भी आग्रह किया।
इसके साथ-साथ जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में पहुंचे अन्य प्रार्थियों की शिकायतों को भी कैबिनेट मंत्री ने सुनते हुए सम्बन्धित को मार्क करते हुए इनका निपटान करने बारे भी निर्देश दिए।
इस मौके पर एडीसी विराट, एसडीएम अम्बाला शहर दर्शन कुमार, एसडीएम बराड़ा सतिन्द्र सिवाच, एसडीएम नारायणगढ शिवजीत भारती, नगराधीश अभिषेक गर्ग, सीईओ जिला परिषद गगनदीप सिंह, अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त दीपक सूरा, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार, आरटीए सुशील कुमार, कष्ट निवारण समिति के गैर सरकारी सदस्य तथा जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *