महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी बलजीत कौर ने शाहबाद खंड ग्रामीण खेल प्रतियोगिता का किया शुभारंभ, महिलाओं ने 100 व 400 मीटर रेस में दिखाई प्रतिभा
शाहबाद 21 जनवरी महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी बलजीत कौर ने कहा कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति हमेशा सजग रहना चाहिए और अपनी दिनचर्या में व्यायाम और योगा को भी शामिल करना चाहिए। इसके साथ ही महिलाओं को किसी ना किसी खेल के साथ जुडक़र निरंतर अभ्यास भी करने का प्रयास करना चाहिए।
पीओआईसीडीएस बलजीत कौर शाहबाद में विभागीय खंड स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता के उदघाटन समारोह में बोल रही थी। इससे पहले पीओआईसीडीएस बलजीत कौर ने विधिवत रूप से शाहबाद खंड स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान महिलाओं ने साइकिल रेस, डिस्कस थ्रो, पैदल रेस, 100 व 400 मीटर रेस सहित अन्य प्रतियोगिताओं में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि विभाग की तरफ से सरकार के आदेशानुसार समय-समय पर खेलकूद के साथ-साथ अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इन आयोजनों के माध्यम से महिलाओं के प्रतिभा में निखार लाने के लिए एक मंच उपलब्ध करवाया जाता है। इस मंच के माध्यम से महिलाओं में भाईचारे की भावना के साथ-साथ आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के मार्गदर्शन में ही विभाग के द्वारा ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं में छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए खंड स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं में विजेता महिला प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाता है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से महिलाओं को अन्य विषयों के प्रति भी जागरूक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में अपनी भागीदारी जरूर सुनिश्चित करनी चाहिए। इस प्रतियोगिता में महिलाओं को स्वास्थ्य और खानपान के भी टिप्स विषय विशेषज्ञों द्वारा दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *