वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने में कामयाब रही पुलिस।
डॉ. राजेश वधवा

कुरुक्षेत्र। सड़क दुर्घटनाओं को कम करने तथा घायलों को त्वरित सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से कुरुक्षेत्र पुलिस द्वारा प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी यातायात स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते हैं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते हैं। दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तुरंत अस्पताल भिजवाकर उनका इलाज सरकारी खर्च पर करवाया जाता है, ताकि किसी भी पीड़ित को आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित न रहना पड़े। पुलिस का मुख्य उद्देश्य घायल की जान बचाना और उसे शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाना है।
इसके साथ ही यातायात पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच की जाती है। यदि सड़क की खामियां, संकेतक बोर्डों की कमी, लाइटिंग की समस्या या अन्य तकनीकी कारण सामने आते हैं तो संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उन कमियों को दूर करवाया जाता है। इन्हीं ठोस और समन्वित प्रयासों का परिणाम है कि वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में कुल 451 सड़क हादसे हुए जिनमें 231 लोगों की मौत तथा 359 लोग जख्मी हुए। वर्ष 2025 में गिरावट के साथ सड़क दुर्घटना के 420 मामले सामने आए जिनमें 200 लोगों की मौत हुई तथा 394 लोग जख्मी हुए। हालांकि घायलों की संख्या में कुछ बड़ी है लेकिन सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु के आंकड़ों में भारी कमी दर्ज हुई है।
कुरुक्षेत्र पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करें और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को और अधिक कम किया जा सके। पुलिस प्रशासन का मानना है कि सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और विभागीय तालमेल से ही सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *