कुरुक्षेत्र,7 दिसंबर।  पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक राजकीय विद्यालय लाडवा के परिसर में शिक्षा विभाग हरियाणा तथा विकल्प संस्थान के सहयोग से शैक्षणिक सत्र 2026 से 2028 के लिए खंड स्तरीय मिशन बुनियाद तथा हरियाणा सुपर 100 जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यातिथि के रूप में जिला परियोजना समन्वयक इंदु कौशिक ने शिरकत की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विकल्प संस्थान से राजन गुंडल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी नीलम सैनी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि इंदु कौशिक ने खंड शिक्षा अधिकारी नीलम सैनी, विकलो संस्थान से राजन गुंडल, जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ तरसेम कौशिक, राजेश सैनी, अर्जुन देव सहित अतिथियों की उपस्थिति में द्दीप प्रज्वलित कर किया। जिला परियोजना समन्वयक इंदु कौशिक ने विषय पर अपना सारगर्भित एवं प्रेरणादायक व्याख्यान प्रस्तुत किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मिशन बुनियाद हरियाणा सरकार की महत्त्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी योजना है जिसका उद्देश्य ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थियों को निजी विद्यालयों जे विद्यार्थियों के समान ही अवसर प्रदान करना है ताकि राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थी भी नीट, आईआईटी तथा देश के अन्य उत्कृष्ट शिक्षण संस्थाओं में दाखिला ले सके। उन्होंने सभी विद्यालय मुखियाओं को मिशन बुनियाद के अंतर्गत  अधिक से अधिक विद्यार्थियों के पंजीकरण करने का आह्वान किया।
खंड शिक्षा अधिकारी नीलम सैनी ने सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत एवं धन्यवाद करते हुए कहा कि मिशन बुनियाद विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ाने के अवसर प्रदान कर रहा है तथा विद्यार्थी कक्षा नवमी से ही नीट, मेडिकल तथा  एनडीए जैसे उत्कृष्ट संस्थानों में दाखिला ले सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यालय मुखियाओं को अधिक से अधिक विद्यार्थियों के पंजीकरण करवाने के लिए प्रेरित किया।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ एवं जिला नोडल अधिकारी  डॉ. तरसेम कौशिक ने मिशन बुनियाद तथा हरियाणा सुपर 100 कार्यक्रम की रूपरेखा को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा नए शैक्षणिक सत्र के लिए जारी अद्यतन दिशानिर्देशों के तहत विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाना तथा अधिकतम पंजीकरण सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मिशन बुनियाद के तहत कुरुक्षेत्र जिले में स्थापित पाँच बुनियाद केंद्र राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुरुक्षेत्र, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिहोवा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहाबाद, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लाडवा,राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इस्माईलाबाद में कक्षा नौंवी से ऑनलाइन माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
विकलो संस्थान से राजन गुंडल ने जानकारी देते हुए कहा कि मिशन बुनियाद कार्यक्रम के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 13 नवंबर 2025 से प्रारम्भ जो गई है तथा पंजीकरण की अंतिम तिथि 16 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। बुनियाद लेवल 1 की परीक्षा 24 दिसंबर 2025 को तथा उसका परिणाम 20 जनवरी 2026 को घोषित होगा । बुनियाद लेवल-2 की परीक्षा 30 जनवरी 2026 को तथा परीक्षा परिणाम 25 फरवरी 2026 को घोषित होगा। बुनियाद लेवल-3 ओरिएंटेशन कार्यक्रम मार्च अप्रैल 2026 में आयोजित किया जाएगा तथा अप्रैल मई में कक्षाएं प्रारंभ हो जाएगी। राजन गुडल ने बताया कि मिशन बुनियाद एवं सुपर 100 हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को कक्षा 9 से ही आईआईटी, नीट तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण एवं साधन-विहीन विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, प्रतिस्पर्धी और वैज्ञानिक शिक्षा से जोडऩा है। खंड शिक्षा अधिकारी नीलम सैनी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया और सभी विद्यालय प्रमुखों से योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए सहयोग करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर प्राचार्य अर्जुन देव, राजेश सैनी, माया देवी, सविता रानी, संजीव कुमार, जगवीर पन्नू, परवीन कुमारी, लखविंदर सिंह, सीमा रानी, मंजू शर्मा, बलबीर सिंह इत्यादि प्राचार्य, शिक्षकगण तथा विभिन्न विद्यालयों के सातवीं तथा नौंवी में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने शिरकत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *