जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह का हुआ विधिवत समापन
5100 दीयों के साथ मनाया गया दीपोत्सव कार्यक्रम, गीता आरती का भी हुआ आयोजन
शाहाबाद 1 दिसंबर आयुष विश्वविद्यालय के पूर्व वाइस चांसलर डॉ बलदेव कुमार धीमान ने कहा कि युद्ध के बीच में शांति देते हुए श्री कृष्ण जी ने अर्जुन को जो पाठ पढ़ाया, उसका अनुसरण आज के हर युवा को जरूर करना चाहिए। गीता का ज्ञान प्रत्येक मनुष्य को उनके लक्ष्य के प्रति समर्पण सिखाता है तथा तीव्र बुद्धि व विवेक का इस्तेमाल करते हुए किस प्रकार हम विजय हासिल कर सकते है, यह ज्ञान केवल गीता में ही पाया जा सकता है।
वें सोमवार को शाहबाद के मारकंडेश्वर मंदिर में आयोजित जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह के समापन अवसर पर आयोजित दीपोत्सव के मौके पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित जनों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि महान ग्रंथ गीता का उपदेश आज की युवा पीढ़ी के लिए बेहद आवश्यक है। गीता एक आदर्श व्यक्ति बनने के लिए प्रेरित करती है और एक-दूसरे से जुडऩा सिखाती है तथा इस समरसता से हम दुनिया को सही दिशा में चलने को प्रेरित कर सकते है। कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करने पहुंचे आयुष विश्वविद्यालय के कंट्रोलर ऑफ एग्जाम डॉक्टर हेतल ने कहा कि बड़ी खुशी की बात है कि शाहाबाद में पहली बार जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह का आयोजन हुआ है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद भी किया है। उन्होंने कहा कि गीता के श्लोकों का स्मरण करने से मन को शांति मिलती है वहीं हमारे आध्यात्मिक ज्ञान में भी वृद्वि होती है। इस मौके पर करीब 5100 दीयों के साथ दीपोत्सव मनाया गया, यही नहीं सभी मंदिरों में भी दीपोत्सव को कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। इससे पहले जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह में गीता आरती का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि सहित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने गीता आरती की।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता सुभाष कलसाना ने कहा की पहली बार शाहाबाद में चार दिवसीय गीता जयंती जिला स्तर की आयोजित हुई है ,इन चार दिनों में गीता पर सेमिनार,सांस्कृतिक कार्यक्रम गीता यज्ञ ,विशाल शोभायात्रा ,गीता आरती ,बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताएं सहित कई कार्यक्रम आयोजित करवाए गए हैं। इसके बाद सभी अतिथियों ने मंदिर के प्रांगण में लगी विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल लक्ष्मी प्रसाद ने भी गीता पर अपना व्याख्यान दिया। कार्यक्रम में मंच का संचालन एआईपीआरओ बलराम शर्मा ने किया। इस अवसर पर शाहाबाद की एसडीएम चिनार सनसनवाल, जिओ गीता से राजन सपड़ा व संजीव सपड़ा, पंडित संजय मिश्रा,विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित  उप मंडल प्रशासन के सभी अधिकारी कर्मचारी, जिओ गीता के सदस्य तथा गणमान्य व्यक्ति वह भारी संख्या में बच्चे उपस्थित थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *