पिराई सत्र 25 नवंबर को होगा  शुरू
करनाल, 18 नवंबर।  
करनाल सहकारी चीनी मिल की प्रबंध निदेशक अदिति ने बताया कि चीनी मिल का  पिराई सत्र 2025-26 आगामी 25 नवंबर को शुरू होने जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ बॉयलर पूजन एवं हवन किया गया। पूजन अवसर पर मिल के सभी तकनीकी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा सभी ने आगामी पिराई सत्र की सफलता की कामना की।
प्रबंध निदेशक ने बताया कि मिल की मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। मिल में स्टीम ब्लोइंग का कार्य 20 नवंबर को किया जायेगा तथा मिल का मास्टर ट्रायल 21 नवंबर को प्रात: 6 बजे शुरू किया जायेगा। टरबाइन रोलिंग के पश्चात सुबह 11 बजे मिल के टर्बो जनरेटर सेट को पावर ग्रिड के साथ सिंक्रोनाइज किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि इस पिराई सत्र में करनाल सहकारी चीनी मिल ने 50 लाख किंटल गन्ने की पिराई का लक्ष्य रखा है। इस सीजन में किसानों द्वारा कराई गई बॉन्डिंग में मुख्यतः: सीओ-238, सीओ-239, सीओएच-160, सीओ-118, सीओ-15023, सीओ-89003 अगेती किस्में एवं सीओ-119, सीओ-5011, सीओ-13035 मध्यम किस्में उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त किसानों के ठहरने के लिए अत्याधुनिक विश्राम गृह की व्यवस्था उपलब्ध है तथा रात भर ठहरने वाले किसानों के लिए जलपान हेतु कैंटीन की सुविधा भी मुहैया करवाई गयी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी गन्ना किसानों की सुविधा हेतु ऑनलाइन टोकन प्रणाली चालू है। उन्होंने किसानों से साफ-सुथरा गन्ना डालने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *