-पहले मैच में हरियाणा की टीम ने पंजाब को 47-10 अंकों से हराया
हरियाणा परिमण्डल अंबाला के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल सचिन किशोर ने सोमवार को 36वें अखिल भारतीय डाक कबड्डी प्रतियोगिता 2025-26 का उद्घाटन किया गया। डाक सेवाएं निदेशक राधिका धीर ने मुख्य अतिथि का स्वागत पौध पात्र भेंट करके किया। सभी 11 प्रतिभागी टीमों द्वारा मार्च पास्ट किया गया। मार्च पास्ट के दौरान बैंड व ड्रम डी.ए.वी. पुलिस पब्लिक स्कूल कुरुक्षेत्र के छात्रों द्वारा बजाया गया। मुख्य अतिथि द्वारा अखिल भारतीय डाक खेल बोर्ड का ध्वज फहराया गया तथा प्रतियोगिता का विधिवत शुभारम्भ किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा सभी टीमों से परिचय का आदान-प्रदान किया गया।
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी कुरुक्षेत्र के खेल निदेशक डीएस राणा ने कहा कि यह केवल एक खेल का आयोजन नहीं है, बल्कि यह डाक विभाग के भीतर एकता, सहयोग, अनुशासन और टीम भावना का उत्सव है। कुरुक्षेत्र की इस पवित्र भूमि पर जहां धर्म और साहस का संगम हुआ था, वहीं आज हम खेल भावना और सौहार्द का संगम देख रहे हैं।
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल सचिन किशोर ने कहा कि इस टूर्नामेंट में आंध्र प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, पश्चिम बंगाल, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक, पंजाब और मेजबान हरियाणा पोस्टल सर्कल की टीमें भाग ले रही हैं। इन 11 टीमों के कुल 147 खिलाड़ी व सपोर्टिंग स्टाफ द्वारा पांच दिनों की अवधि में 28 मैच खेले जाएंगे। प्रतिभागी खिलाड़ियों में से कुछ द्वारा राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में भी अपने राज्य का प्रतिनिधित्व किया गया है। प्रतियोगिता की शुरुआत हरियाणा बनाम पंजाब की टीमों के बीच मैच से हुई, जिसमें हरियाणा की टीम 47-10 से विजयी हुई। प्रतियोगिता में 11 नवम्बर को 10 मैच खेले जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान गीता कन्या स्कूल कुरुक्षेत्र की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी गई। डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल कुरुक्षेत्र की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत की प्रस्तुति दी गई। हरियाणा पोस्टल कबड्डी टीम कप्तान पवन द्वारा सभी खिलाड़ियों को शपथ दिलाई गयी कि वे पूरे आयोजन के दौरान सभी नियमों का पालन करेंगे व खेल को खेल की भावना से खेलेंगे।
हरियाणा परिमंडल अंबाला सहायक पोस्टमास्टर जनरल रणजीत सिंह ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, निदेशक डाक सेवाएं, आयोजन समिति के सदस्यों, प्रतिभागियों, गीत की प्रस्तुति देने वाली स्कूल के छात्र, छात्राओं व उनके शिक्षकों का धन्यवाद व आभार जताया।
