नई बसों के आने से बस सेवा हुई पर्यावरण अनुकूल, यात्रियों को मिल रहा फायदा : परिवहन मंत्री अनिल विज
बसों के रूट पर 23 आधुनिक बस क्यू शेल्टर का भी हो रहा निर्माण, बैठने की व्यवस्था के साथ पंखे व लाइट की सुविधा भी होगी : मंत्री अनिल विज
परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से अम्बाला में लगभग 25 वर्ष बाद पुन: प्रारंभ की गई थी लोकल बस सेवा

अम्बाला/चंडीगढ़, 03 नवम्बर – हरियाणा के परिवहन मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला में पर्यावरण के अनुकूल लोकल/शहरी बस सेवा को बढ़ावा देने के लिए अम्बाला में पांच और नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों (ई-बस) को लोकल रुट पर शामिल किया गया है। इससे पहले 10 इलेक्ट्रिक बसें थी, अब पांच नई इलेक्ट्रिक बसें मिलने पर इनकी संख्या 15 हो गई है जोकि पर्यावरण के अनुकूल बेहतर एवं सकारात्मक कदम है।
श्री विज ने कहा कि लोकल/शहरी बस सेवा को यात्रियों के लिए आरामदायक बनाने के लिए पांच और नई इलेक्ट्रिक एसी बसें अम्बाला रोडवेज डिपो को मिल चुकी है और इनका संचालन लोकल रुट पर किया जाएगा। ई-बसों के संचालन से यात्रियों का सफर आरामदायक एवं सुविधाजनक होगा। परिवहन मंत्री विज ने कहा कि ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसें पर्यावरण अनुकूल होने के साथ-साथ वातानुकूलित है। महानगरों की तर्ज पर अम्बाला में भी लोकल बस सेवा को पूरी तरह से वातानुकूलित ई-बस सेवा में बदलने की ओर कदम बढ़ाए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि यात्रियों को बसों का इंतजार करने के लिए खड़े न रहना पड़े इसके लिए अम्बाला में लोकल बस रुट पर आधुनिक 23 नए बस क्यू शेल्टर बनाने का कार्य भी प्रारंभ किया जा चुका है। इन बस क्यू शेल्टरों में लोगों के बैठने के साथ-साथ बिजली व लाइट की सुविधा भी होगी।
गौरतलब है कि इस समय लोकल परिवहन की बढ़ती मांग को देखते हुए कुल 25 बसों का संचालन परिवहन विभाग द्वारा किया जा रहा है जिसमें अब इलेक्ट्रिक एसी बसों की संख्या 15 हो गई है।

यात्रियों के लिए 23 स्थानों पर आधुनिक बस क्यू शेल्टरों का निर्माण शुरू : मंत्री अनिल विज
परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि लोकल बस सेवा का लाभ अधिक से अधिक यात्रियों को मुहैया कराने व बसों की इंतजार में यात्रियों को दिक्कत न हो इसके लिए अम्बाला छावनी में नगर परिषद द्वारा 23 स्थानों पर आधुनिक बस क्यू शेल्टरों का निर्माण किया जा रहा है। आधुनिक क्यू शेल्टर में बैठने के अलावा लाइट व पंखे की व्यवस्था युक्त है। बस क्यू शेल्टर कैपिटल चौक, चुंगी चौक, टुंडला, डिफेंस कालोनी, कलरहेड़ी, शास्त्री कालोनी, डीआरएम आफिस, सुंदर नगर, चंद्रपुरी कालोनी, मच्छौंडा, शाहपुर, सिविल अस्पताल अम्बाला छावनी, सुभाष पार्क, बीडी फ्लोर मील, हाथीखाना मंदिर, रंगिया मंडी चौक, नन्हेड़ा, एसडी कालेज, महेशनगर, टांगरी बांध रोड, बब्याल, दलीपगढ़ व बोह में बनाए जा रहे हैं।

परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से लगभग 25 वर्ष बाद पुन: प्रारंभ की गई लोकल बस सेवा
परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से अम्बाला में लोकल बस सेवा को लगभग 25 वर्षों बाद पुन: प्रारंभ किया जा सका है। मंत्री अनिल विज ने बीते वर्ष 1 नवंबर को 10 मिनी बसों के साथ परिवहन सेवा की शुरुआत की थी। इसके बाद इसी वर्ष गणतंत्र दिवस के दिन 26 जनवरी को लोकल बस सेवा में 5 इलेक्ट्रिक एसी बसों को शामिल किया गया था। फिर पांच जून 2025 को बस सेवा में 5 और इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गई थी जिसके बाद आज 5 और नई बसें शामिल होने से परिवहन सेवा में कुल 15 इलेक्ट्रिक बसें हो चुकी हैं।

अम्बाला में इन रूटों पर चल रही लोकल बस सेवा
अम्बाला शहर – अम्बाला कैंट
अम्बाला शहर – सुभाष पार्क – नन्हेड़ा
अम्बाला शहर – अम्बाला कैंट – महेशनगर – बब्याल – बोह
अम्बाला शहर – अम्बाला कैंट – डिफेंस कालोनी – कलरहेड़ी – पंजोखरा साहिब
अम्बाला शहर – अम्बाला कैंट – शास्त्री कालोनी – डीआरएम – शाहपुर – कोटकछुआ
अम्बाला शहर – अम्बाला कैंट – शास्त्री कालोनी – डीआरएम – शाहपुर – मोहड़ी – कैंट – बलदेव नगर – एमएम अस्पताल
अम्बाला शहर – अम्बाला कैंट – महेशनगर – करधान – ब्राहम्ण माजरा
अम्बाला शहर – अम्बाला कैंट – शास्त्री कालोनी – शाहपुर – दुखेड़ी – अम्बाला कैंट – अम्बाला शहर
अम्बाला शहर – अम्बाला कैंट – उगाड़ा – बाड़ा – तेजा मोहड़ी – अम्बाला कैंट – अम्बाला शहर
अम्बाला शहर – अम्बाला कैंट – शास्त्री कालोनी – डीआरएम – शाहपुर – मोहड़ा – बड़ौला – मालवा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *