मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर बढ़ रहा: विधायक भगवानदास कबीरपंथी
करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित किया गया हरियाणा दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम
करनाल, 1 नवम्बर। 
हरियाणा दिवस के मौके पर करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ जिला स्तरीय सांस्कृति उत्सव का आयोजन किया गया जिसमें नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने पिछले 59 सालों में हरियाणा की प्रगति के मुख्य पहलुओं पर प्रकाश डाला और कहा कि कई क्षेत्रों में प्रदेश ने इस अवधि में विकास के नए आयाम छुए हैं। साथ ही उम्मीद जताई कि भविष्य में हरियाणा विश्व में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा निरंतर विकास के पथ पर बढ़ रहा है। इस मौके पर स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से राज्यपाल असीम कुमार घोष का लाइव संबोधन भी इस अवसर पर सुनाया गया।
उत्सव के मुख्य अतिथि विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने लोगों को हरियाणा दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले करीब छह दशकों में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश गठन के समय दक्षिणी हरियाणा में सिंचाई के लिए पानी की भारी कमी थी। उस वक्त बिजली की आपूर्ति भी नाममात्र की थी लेकिन आज प्रदेश में लोगों को 24 घंटे बिजली दी जा रही है। प्रदेश का बजट एक लाख करोड़ से ज्यादा पहुंच गया है। हर 20 किमी की दूरी पर सरकारी कॉलेजों की स्थापना की जा रही है। नए मॉडल संस्कृति स्कूल बनाए गए हैं। स्कूलों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में भी प्रदेश ने काफी तरक्की की है। हर जिला में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा रही है। सरकारी अस्पतालों में रोगियों के लिए अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बड़ी कंपनियों की स्थापना से गुरुग्राम और फरीदाबाद ने विशिष्ट पहचान कायम की है। औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से जहां बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिला है वहीं प्रदेश के राजस्व में भी वृद्धि हुई है। विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं में अब शिक्षित प्रतिनिधि चुने जा रहे हैं। सरकार ने अनेक सेवाओं को ऑनलाइन किया है जिसके कारण लोगों को घर बैठे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। आज से ऑनलाइन रजिस्ट्री भी आरंभ हो गई है।
इस दौरान छात्रों ने अलग-अलग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। इस मौके पर उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया। 

प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे:
रंगोली-राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल इंद्री प्रथम, राजकीय कन्या मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल रेलवे रोड करनाल द्वितीय और राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल मॉडल टाउन तृतीय।
चित्रकला-कन्या मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल रेलवे रोड करनाल की करीना प्रथम, पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल ओगंद की कोमल द्वितीय और राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय काछवा के कर्ण तृतीय रहे।
 रागनी-पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंद्री प्रथम, राजकीय कन्या मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल रेलवे रोड करनाल द्वितीय और राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल निसिंग तृतीय।
 मूर्तिकला-राजकीय कन्या उच्च विद्यालय सेक्टर 13 करनाल प्रथम,
राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल निसिंग द्वितीय और पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुंडला तृतीय रहा।
समूह नृत्य- राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय निसिंग प्रथम,राजकीय कन्या मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल रेलवे रोड करनाल द्वितीय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बीबीपुर जाटान की टीम ने तृतीय स्थान पाया।
इस मौके पर प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया। उत्सव में उपायुक्त उत्तम सिंह, एसपी गंगा राम पूनिया, एसडीएम अनुभव मेहता, नगराधीश मोनिका, एमडी चीनी मिल अदिति आदि मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *