– करनाल सहित आसपास से बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों ने संकीर्तन में पहुंचकर भजनों का आनंद उठाया
करनाल, 1 नवंबर () : शहर की पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में शनिवार को बाबा श्याम का जन्मोत्सव व देवउठनी एकादशी बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में संकीर्तन का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर व बाबा श्याम के स्वरूप को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए लगी रहीं। श्रद्धालुओं की संख्या को देखकर मंदिर परिसर भी छोटा लगने लगा। संकीर्तन में प्रसिद्ध भजन गायक ओ.पी. वर्मा और हिमांशु सिंगला ने सुंदर-सुंदर भजनों से बाबा का गुणगान किया और श्रद्धालुओं को देवउठनी एकादशी का महत्व भी बताया गया। करनाल सहित आसपास के बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों ने संकीर्तन में पहुंचकर भजनों का आनंद उठाया। संध्या आरती के समय पूरा मंदिर परिसर श्याम नाम के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। श्री खाटू श्याम मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता ने बताया कि हर एकादशी पर मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाता है। करनाल सहित दूर-दराज़ से श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन करने आते हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति करते हैं। मंदिर कमेटी की तरफ से श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता, राजेश गर्ग, महेंद्र गुप्ता, अनिल गर्ग, राम करण गोयल, अशोक सिंघला, पवन गुप्ता, राजेश सिंघला व हरीश सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
