प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की, अलग-अलग कार्यक्रमों में की शिरकत
विधानसभा अध्यक्ष बोले- क्षेत्र के विकास में पूर्वांचल के लोगों का भी योगदान
करनाल, 27 अक्तूबर। 
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने सोमवार को छठ महापर्व में करनाल के काछवा पुल पर बने सूर्य मंदिर में माथा टेका और ईश्वर से सभी की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने लोगों को छठ महापर्व की बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने इस मौके पर कहा कि क्षेत्र के विकास में पूर्वांचल के लोगों का भी योगदान है।
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि छठ हर्षोल्लास और देश की खुशहाली का महापर्व है जिसे हर साल परंपरागत ढंग से पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। उन्होंने सूर्य मंदिर में माथा टेक कर छठ मैया से सर्व समाज की खुशहाली की कामना की है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्र, हरियाणा और क्षेत्र की तरक्की में पूर्वांचल के लोगों का विशेष योगदान रहा है। लोगों से अपील की कि भविष्य में भी भाईचारा बरकरार रखते हुऐ मिलकर क्षेत्र की प्रगति में योगदान दें। उन्होंने छठ पर्व सेवा समिति मंडल की ओर से धर्मशाला के लिए सहयोग की मांग पर हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

विधानसभा अध्यक्ष ने यहां घाट निर्माण करवाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार जताया। साथ ही कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने साढ़े नौ साल के कार्यकाल में व्यवस्थाओं को मजबूत करते हर वर्ग के कल्याण के लिए काम किया। उन्होंने बताया कि  लोगों की मांग पर पिछले साल उत्तम नगर में भी घाट बनवाया गया। भविष्य में इसका विस्तार किया जाएगा। घरौंडा में घाट की व्यवस्था की गई है।

इस मौके पर छठ पर्व सेवा समिति मंडल की ओर से विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण को पुष्प गुच्छ देकर, पगड़ी पहनाकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उन्हें भगवान सूर्य देव का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस मौके पर समिति की ओर से संरक्षक अर्जुन पंडित, उमेश चौहान, आरएस सिंह, प्रधान सुरेश कुमार यादव, उप प्रधान शत्रुघन राया, मुंशी राय, भोला राया, रामबिलास शर्मा, अरविंद यादव, महासचिव, रोहित कुमार आदि मौजूद रहे।
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण उत्तम नगर और घरौंडा के हसनपुर रोड स्थित घाट पहुंचे। वहां भी लोगों को छठ पर्व की शुभकामनाएं व बधाई दी। शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को छठ पूजा के तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे।

विधायक जगमोहन आनंद ने भी दी शुभकामनाएं
विधायक जगमोहन आनंद ने इस मौके पर कहा कि छठ पूजा एक महत्त्वपूर्ण त्यौहार है। इस पर्व को अब 36 बिरादरी के लोग मनाने लगे हैं। सनातन संस्कृति में सभी मिलजुल कर त्यौहार धूमधाम से मनाते हैं। उन्होंने लोगों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दी और कामना की कि छठ मैया सभी की मनोकामना पूरी करे। सभी स्वस्थ रहें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से लोगों की सुविधा के लिए पूरे इंतजाम किए गए हैं। यहां पक्के घाट पहले ही बनवाए जा चुके हैं। इससे पहले विधायक ने भी सूर्य मंदिर में माथा टेका और लोगों की खुशहाली की कामना की। समिति की ओर से उन्हें भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *