कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस कुरुक्षेत्र द्वारा बुलेट मोटरसाईकिल से पटाखे बजाने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक कुरुक्षेत्र नीतीश अग्रवाल ने सभी प्रबंधक थाना को निर्देश दिए हुए हैं बुलेट मोटरसाईकिल पर पटाखे बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले तथा आमजन को परेशान करने वाले मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ कार्रवाई करें।
जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार जिला पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग की जा रही है। जिला पुलिस के सभी थाना की टीम, यातायात पुलिस टीम तथा जिला पुलिस की स्वैट टीम द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। चेकिंग के दौरान बिना नम्बर प्लेट, बिना कागजात तथा बुलेट मोटरसाईकिल से पटाखे बजाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार जिन मोटरसाईकिल चालकों के पास कागजात पूरे नहीं हैं उनकी मोटरसाईकिल को ईम्पाउण्ड किया जा रहा है। कुरुक्षेत्र पुलिस द्वारा माह अक्टूबर के 20 दिनों में 200 वाहन चालकों के ध्वनि प्रदूषण (प्रेशर हॉर्न व बुलेट मोटरसाईकिल से पटाखे बजाना) के चालान किए हैं। वहीं वर्ष 2025 में (1 जनवरी से 20 अक्टूबर 2025 तक) कुल 978 वाहन चालकों के ध्वनी प्रदूषण के चालान किये गए।
बाक्स:
बुलेट से पटाखा बजाया तो पड़ेगा भारी हर्जाना : पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों विशेषकर युवा वर्ग से अपील करते हुए कहा कि भविष्य में कोई भी बुलेट मोटरसाईकिल चालक मोटरसाईकिल पर पटाखे ना बजाए क्योंकि इससे ध्वनि प्रदूषण तो होता है साथ में पटाखे की तेज आवाज होने से भय के कारण बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने कहा कि यदि बुलेट मोटरसाईकिल चालक मोटरसाईकिल से पटाखे बजाएगा तो उसके खिलाफ कानूनी कारवाई की जाऐगी। पुलिस अधीक्षक ने दुकानदारों विशेषकर बुलेट मोटरसाईकिल की रिपेयर करने वाले दुकानदारों को बुलेट मोटरसाईकिल का साइलेंसर चेंज करेगा तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला में बुलेट मोटरसाईकिल से पटाखे बजाने वालों की शिकायतें मिल रही थी। आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर बुलेट मोटरसाईकिल से पटाखे बजाने वाले चालको के चालान किये जा रहे हैं। उन्होने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा ।
कुरुक्षेत्र पुलिस का बुलेट पटाखे के खिलाफ स्पेशल अभियान, कसा शिकंजा ।
सोनिका वधवा
