करनाल, 24 अक्टूबर। एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि नशा-मुक्त भारत अभियान के 5वें वर्ष के दौरान नवम्बर माह में विशेष अभियान चलाकर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। ताकि नशे जैसी बुराई को समूल नष्ट किया जा सके। एसडीएम शुक्रवार को अपने कार्यालय में उक्त अभियान के सफल आयोजन को लेकर अधिकारियों की बैठक में बोल रहे थे। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
एसडीएम ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों को सफलता पूर्वक आयोजन करवाए और उन सभी की फोटो नशा-मुक्त भारत अभियान एप पर अपलोड करवाना सुनिश्चित करे। इसके लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी को सभी गतिविधियों की फोटो भिजवाई जाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान शिक्षण संस्थाओं के बच्चों के नारा लेखन,रंगोली, चित्रकारी जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जाए। इसके अलावा प्रार्थना सभा में बच्चों को जागरूक किया जाए। उन्होंने यह भी बताया कि स्कूल व कॉलेज के बच्चों सहित आम लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाए। इतना ही नही सभी अधिकारी स्वयं भी शपथ ले तथा अपने स्टाफ को शपथ दिलाए। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की ओर से ऑनलाइन शपथ लेने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए क्यूआर कोड स्कैन करना होगा। जैसे ही क्यूआर कोड स्कैन करेगे उस पर शपथ लेने के बाद प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकेगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए की इस क्यूआर कोड को अपने-अपने कार्यालय, पंचायत घरों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित किया जाए। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग नशा-मुक्त भारत बनाने की शपथ ले सके। उन्होंने कहा कि ग्राम-पंचायत की सभाओं में भी नशा-मुक्त भारत अभियान की विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी जाए और शपथ लेने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान का प्रचार तंत्र के सभी प्लेटफार्म पर प्रचार प्रसार करवाया जाए। जागरूकता के लिए रैली, सेमिनार, कार्यशाला, नुक्कड़ नाटक का आयोजन करवाया जाए।
