कुरुक्षेत्र, 15 अक्टॅूबर। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत स्वस्थ नारी सशक्त परिवार पोषण माह अभियान के तहत जी.ए.डी. गुमथला गढू के अंतर्गत गांव अरनैचा में आयुष विभाग द्वारा नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारम्भ विधिवत रूप से भगवान धन्वन्तरि की प्रतिमा को दीप प्रज्वलित कर  किया  गया।
जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने पोषण माह के अंतर्गत चलने वाले शिविरों में बताते हुए कहा कि पोषण माह में महिलाओं की भूमिका परिवार और राष्ट्र के सशक्तिकरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत में 17 सितंबर 2025 से शुरू हुए स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान और 8वें राष्ट्रीय पोषण माह के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान दिया गया है। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य को सुदृढ़ कर परिवार को मजबूत करना और देश को एक स्वस्थ एवं विकसित राष्ट्र बनाना है। इस शिविर में पर लगभग 311 मरीजों को चिकित्सा प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि महिलाओं स्वस्थ होना पूरे परिवार के स्वास्थ्य और विकास के लिए नितांत आवश्यक है। पोषण माह के अंतर्गत महिलाओं के लिए स्वास्थ्य सेवाओं, पोषण परामर्श और जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाता है। गर्भधारण से लेकर दो वर्ष तक के पहले 1000 दिनों में माताओं और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाता है क्योंकि यह जीवन में सर्वोच्च प्रभाव डालता है। उन्होंने सभी को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि वह आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथी चिकित्सा का लाभ अपने नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर भी ले सकते हैं। आयुष विभाग के विशेषज्ञों डॉ. प्रणव द्वारा बताया गया इस अभियान में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य जांच, उपचार और पोषण सुधार के लिए व्यापक स्वास्थ्य शिविर,एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह आदि बीमारियों की जांच और रोकथाम पर जोर दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट विजय दहिया द्वारा नि:शुल्क औषधियाँ वितरित की गई। इस शिविर में योग सहायक प्रदीप कुमार द्वारा आमजन को योग एवं मैडिटेशन तथा प्राणायाम आदि का अभ्यास भी करवाया गया। इस मौके पर गांव के सरपंच रामलाल, पूर्व सरपंच सोमनाथ सिंह,कृष्ण कुमार, महेंद्र सिंह, देविंदर कुमार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *