महोत्सव के लिए गठित की अलग-अलग कमेटियां, प्रशासन ने नियुक्त किए नोडल अधिकारी,अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 का होगा 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक आयोजन, 16 नवंबर को होगी गीता रन, मुख्य कार्यक्रम होंगे 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक, अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के प्रबंधों की समीक्षा के लिए उपायुक्त ने ली अधिकारियों की बैठक
कुरुक्षेत्र, 15 अक्टॅूबर। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 को यादगार और सफल बनाने के लिए नोडल अधिकारियों को अपनी कमेटी के सदस्यों के साथ पूरी मेहनत और लगन के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करना होगा। इस महोत्सव की तैयारियों को लेकर सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने स्तर पर की जाने वाली तैयारियों की समय रहते समीक्षा कर ले ताकि किसी प्रकार की कोई कमी ना रहे। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का सरस और क्राफ्ट मेला 21 दिन चलेगा और मुख्य कार्यक्रम के लिए 8 दिन निर्धारित किए गए है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव तैयारियों की समीक्षा को लेकर अधिकारियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 को लेकर गीता रन का आयोजन 16 नवंबर को किया जाएगा और इस वर्ष विदेश मंत्रालय की पहल पर कुरुक्षेत्र में 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 में 15 से ज्यादा देशों के 25 स्कॉलर भी पहुंंचेंगे। इस महोत्सव में विभिन्न देशों की लोक सांस्कृतिक कला के रंग महोत्सव की फिजा को बदलने का काम करेंगे। इस महोत्सव से पहले ही कई कार्यक्रमों का आगाज हो जाएगा। इसमें 4 से 14 नवंबर तक ऑनलाइन गीता क्विज, 16 नवंबर को गीता रन का आयोजन होगा। इसके अलावा 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक शिल्प और सरस मेला चलेगा तथा रोजाना सायं के समय पुरुषोत्तमपुरा बाग में भजन संध्या और महाआरती का आयोजन होगा।
उन्होंने कहा कि इस महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक होंगे। इसमें हरियाणा पवेलियन, पार्टनर स्टेट, पुस्तक मेला, जनसम्पर्क विभाग की राज्य स्तरीय प्रदर्शनी, पुरुषोत्तमपुरा बाग में मुख्य मंच पर दिन और सायं कालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम, 24 नवंबर को गीता यज्ञ, गीता पूजन, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार, सर्वधर्म सम्मेलन, ज्योतिसर व सन्निहित सरोवर पर श्रीमदभगवद गीता और पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
उन्होंने कहा कि 25 नवंबर को विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार, ज्योतिसर व सन्निहित सरोवर पर कथा, पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रम, 26 नवंबर को अंतर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार का समापन व पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रम, 27 नवंबर को पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रम, 28 से 30 नवंबर को शिक्षा विभाग की तरफ से गीता श्लोकोच्चारण, वाद विवाद, निबंध लेखन, पेंटिंग, रंगोली, मेहंदी सहित अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 1 दिसंबर को सुबह 9 बजे ज्योतिसर में गीता पाठ और यज्ञ, थीम पार्क में वैश्विक गीता पाठ, विश्वविद्यालय में 48 कोस तीर्थ सम्मेलन, सायं 5:30 पर सन्निहित सरोवर पर दीपोत्सव, 6 बजे ब्रह्मसरोवर पर दीपदान व आरती तथा पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस मौके पर एसडीएम शाश्वत सांगवान, सीईओ केडीबी पंकज सेतिया, एसडीएम अभिनव सिवाच सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *