भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से मिला अवार्ड
कुवि कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने दी बधाई
कुरुक्षेत्र, 17 जनवरी।
 कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग के 2019-21 बैच की छात्रा नेहा रानी को भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से आयोजित 26वें राष्ट्रीय युवा फेस्टिवल 2023 समारोह में वर्ष 2019-20 के लिए राष्ट्रीय युवा पुरस्कार मिला है। यह पुरस्कार कर्नाटक के हुबली-धारवाड़ में आयोजित एक समारोह में अनुराग ठाकुर, भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री व कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की उपस्थिति में दिया गया। इस उपलब्धि पर कुवि कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने छात्रा नेहा रानी को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कुवि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि छात्रा नेहा रानी ने समुदाय के प्रति उत्कृष्ट सेवाओं एवं सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्यों से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर भारत वर्ष में रोशन किया है। उन्होंने इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को इस प्रकार के सामाजिक कार्यों में बढ़ चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अनिल वशिष्ठ ने बताया कि इस प्रकार के पुरस्कारों का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र एवं सामाजिक समुदायों के प्रति महत्वपूर्ण भूमिका एवं दायित्व के लिए तैयार करना है ताकि वे देश सेवा के माध्यम से उत्कृष्ट सेवाओं में सामाजिक भागीदारी कर राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान दे सकें। उन्होंने बताया कि नेहा रानी द्वारा सामाजिक क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर से इस छात्रा का नाम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय को भेजा गया था। उन्होंने बताया कि नेहा यूथ रेडक्रॉस की समर्पित वॉलंटियर तथा जेंडर चैम्पियन भी रही है।
समाज कार्य विभाग की विभागाध्यक्षा प्रो. वनिता ढींगरा ने बताया कि छात्रा नेहा ने हरियाणा में वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण जागरूकता, स्वच्छता अभियान, मतदाता जागरूकता, कोविड टीकाकरण सहित सामाजिक सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्होंने बताया कि नेहा कोविड के समय में लोगों को मास्क बनाकर दिए तथा लोगों के लिए भोजन का भी प्रबंध किया। इसके साथ ही पक्षियों के संरक्षण के लिए घोंसले एवं पानी का प्रबंध किया। उन्होंने बताया कि छात्रा ने समाज कार्य विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में बढ़ चढ़कर भाग लिया है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *